छपरा । जिलाधिकारी के निर्देश पर उत्तरप्रदेश के बलिया तरफ से आनेवाले प्रवासी मजदूर एवं अन्य लोगों के लिए मॉंझी प्रखण्ड अवस्थित जयप्रभा सेतु से सटे बलिया मोड़ के पास गठित वाहन कोषांग द्वारा आज से दस बसों के माध्यम से रिंग बस सेवा प्रारंभ कर दी गयी है, जो लगातार प्रवासियों को लेकर राजेन्द्र स्टेडियम में पहुॅंचेगी। इसके साथ ही पूर्व से प्रवासियों के लिए उनके राजेन्द्र स्टेडियम में आते ही खाने का पैकेट एवं पानी के बोतल की व्यवस्था की जा रही थी, किन्तु जिलाधिकारी द्वारा पाया गया कि प्रवासी मजदूर एवं अन्य लोग काफी समय से भूखे रह जा रहे हैं तथा उनके भोजन की व्यवस्था में काफी देर हो जा रही है। इस हेतु जिलाधिकारी द्वारा बलिया मोड़ के पास जिला शिक्षा पदाधिकारी की अध्यक्षता में गठित वाहन कोषांग को निर्देश दिया गया है कि वे अपनी पूरी टीम के साथ सभी आवश्यक संसाधनों का उपयोग कर सीमा क्षेत्र में ही उपर्युक्त स्थल चयनित करते हुए सभी आनेवाले प्रवासी मजदूरों एवं अन्य लोगों को चावल, दाल एवं सब्जी से युक्त गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें तथा भोजन कराने के उपरान्त ही संबंधितों को बस के माध्यम से राजेन्द्र स्टेडियम पहुॅंचाना सुनिश्चित करें ताकि प्रवासी मजदूर एवं अन्य लोग अधिक समय तक भूखे न रह सकें एवं उन्हें बिहार राज्य में प्रवेष करने के उपरान्त कोई कठिनाई उत्पन्न न हो। संदर्भित कार्य के लिए जिलाधिकारी द्वारा प्रखण्ड के वरीय प्रभारी पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, प्रखण्ड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि अपने अधीनस्थ कर्मियों के सहयोग से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराते हुए प्रवासी मजदूरों एवं अन्य लोगों को बेहतर व्यवस्था उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे।
—/—-