*पूर्व सांसद मोहम्मद शहाबुद्दीन ने  ब्रेन मैपिंग टेस्ट, नार्को टेस्ट और लाइ डिटेक्टर टेस्ट करवाने से किया इंकार*
*✍ नवीन सिंह परमार* 
♨सीवान के पत्रकार राजदेव रंजन हत्याकांड में आरोपित राजद के बाहुबली नेता व सीवान के  पूर्व सांसद मोहम्मद शहाबुद्दीन ने शुक्रवार को ब्रेन मैपिंग टेस्ट, नार्को टेस्ट और लाइ डिटेक्टर टेस्ट करवाने से इंकार कर दिया है.
शुक्रवार को दिल्ली के तिहाड़ जेल से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए बिहार के  मुजफ्फरपुर स्थित सीबीआइ की विशेष अदालत में उनकी पेशी हुई.शुक्रवार को कोर्ट में शहाबुद्दीन का लाई डिटेक्टर टेस्ट, नार्को व ब्रेन मैपिंग टेस्ट के लिए सीबीआइ की ओर से दायर अर्जी पर सुनवाई हुई.
पेशी के दौरान मोहम्मद शहाबुद्दीन ने इस टेस्ट का विरोध किया और उन्होंने कोर्ट को बताया कि आठ दिनों की रिमांड में सीबीआइ के सवालों का उन्होंने सकारात्मक जवाब दिया है किसी भी बात को छुपाया नहीं है.
          शहाबुद्दीन ने कहा कि जब सवालों के सही जवाब दे दिए हैं तो ऐसी स्थिति में इन टेस्टों का कोई औचित्य नहीं है. उन्होंने कोर्ट से प्रार्थना की कि रिमांड अवधि में सीबीआइ ने उनसे जो पूछताछ की उसका रिकॉर्ड मंगा कर देखा जाए. इसके बाद कोर्ट का जो आदेश होगा, वे मानने को तैयार हैं.
उन्होंने सीबीआइ पर आरोप लगाया कि उन्हें इस मामले में फंसाने के लिए परेशान किया जा रहा है, जबकि वे इस मामले में पूरी तरह निर्दोष है. जबकि इस मामले में सीबीआइ का कहना है कि शहाबुद्दीन पूछताछ में सहयोग नहीं कर रहे हैं.
पूर्व सांसद शहाबुद्दीन की ओर उनके अधिवक्ता दिलीप कुमार विशेष कोर्ट में उपस्थित होकर वकालतनामा (पावर ) पेश किया. उनके अधिवक्ता ने बताया कि कोर्ट ने उनकी बात सुनकर उन्हें एक सप्ताह का समय दिया है.
इस मामले में कोर्ट ने कहा है कि वे इस बीच सीबीआइ की अर्जी पर अपने अधिवक्ता से विचार-विमर्श कर कोर्ट को अवगत कराएंगे. कोर्ट के द्वारा इस मामले में सुनवाई की अगली तारीख 15 जून मुकर्रर की गई है.
*👉श्रीनारद संवाद सेवा*