पुलिस की नजरों से ओझल कर हरियाणा से पटना तक मंगा ली शराब, गंगा पार करने से पहले पकड़ाई

#रिपोर्ट / अविनाश कुमार
पटना : फिर विदेशी शराब की एक बड़ी खेप पकड़ी गई है. इस बार खुसरूपुर थाना के तहत पटना पुलिस ने कार्रवाई की है. पुलिस जांच और कार्रवाई के बाद जो बातें सामनें आई वो बेहद चौंकाने वाली है. शराब माफियाओं के हिम्मत की दाद देनी होगी. बिहार में पुलिस की लाख चौकसी के बाद भी शराब माफियाओं ने विदेशी शराब की खेप को हरियाणा से पटना मंगा लिया. खेप को लाने का काम हाई सिक्योरिटी वाले एक कंटेनर ने किया. कंटेनर पर लिखा नंबर राजस्थान का है
दरअसल, हरियाणा से 185 कार्टन विदेशी शराब की खेप लेकर चला कंटेनर कई चेक पोस्ट से गुजरते हुए पटना जिला में आ गया. फिर इस खेप को लेकर कंटेनर उस जगह पर पहुंची, जहां उसे पहुंचना था. हालांकि कंटेनर के पहुंचने की जगह खुसरूपुर थाना के तहत बैकठपुर मंदिर के पीछे गंगा नदी के किनारे फिक्स की गई थी. विदेशी शराब के खेप को फिर यहां से आगे ले जाने की तैयारी भी शराब माफियाओं ने कर रखी थी
शराब को दियारा इलाके में ले जाना था. गंगा नदी को पार करने के लिए पहले से नाव के इंतजाम भी शराब माफियाओं ने कर लिए थे. लेकिन किसी ने मेन टाइम पर एसएसपी मनु महाराज को शराब माफियाओं के एक्टिविटी की जानकारी फोन करके दे दी. इसके बाद थानेदार मृत्युंजय कुमार ने अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच कर छापेमारी की. मौके पर मौजूद कई लोग फरार हो गए. लेकिन शराब तस्करी के धंधे में शामिल शशिकान्त को गिरफ्तार कर लिया गया. साथ ही कंटेनर व उसमें रखे 185 कार्टन शराब और एक बाइक को जब्त किया
पकड़ा गया आरोपी शशिकांत
पुलिस की जांच में एक और बात सामने आई. शराब माफिया तय प्लानिंग के तहत ही शराब की खेप को मंगवाते थे. कंटेनर के अपने इलाके में आ जाने के बाद पुलिस की नजरों से बचाने के लिए भी खाका तैयार करके रहते थे. कंटेनर के आगे एक बाइक से पायलेटिंग होती थी. दूसरा बाइक पीछे—पीछे चला करता था. पकड़े गए शशिकान्त ने इस बात का खुलासा पुलिस की पूछताछ के दौरान किया है
पूछताछ के दौरान शशिकान्त ने शराब माफिया का नाम उगल दिया है. पुलिस के अनुसार कच्ची दरगाह का रहने वाला वीर राय काफी समय से पटना में शराब की खेप को हरियाणा सहित दूसरे स्टेट से मंगवा रहा है. जब्त किए गए इस खेप को भी उसी ने मंगवाया था. अब पुलिस की टीम इसकी तलाश में जुट गई है