पुलिस अधीक्षक ने बच्चों को पढ़ाया साइबर क्राइम का पाठ
◆इंटरनेट का सही तरीके से इस्तेमाल करने की दी नसीहत
◆बच्चों ने पूछा एसपी से कई सवाल
सवाल का जवाब सुन खुश हुए बच्चे

परवेज अख्तर/सिवान;
बसंतपुर. इंटरनेट के गलत इस्तेमाल से हो रही आपराधिक घटना ही साइबर क्राइम है. इंटरनेट के गलत उपयोग व कुछ सावधानियां बरतने से साइबर क्राइम पर काबू पाया जा सकता है. उक्त बातें सिवान के पुलिस अधीक्षक नवीनचंद्र झा ने मंगलवार को मुख्यालय के उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में साइबर क्राइम से संबंधित पाठशाला में बच्चों को एक शिक्षक के रूप में जानकारी देते हुए कही. मंगलवार की दोपहर पुलिस अधीक्षक के विद्यालय परिसर में पहुंचते ही स्काउट एंड गाइड के बच्चों ने स्वागत के साथ आगवानी करते हुए उन्हें मंच तक लाया. उसके बाद प्राचार्य विक्रमा प्रसाद ने एसपी नवीनचंद्र झा व भारत स्काउट एंड गाइड के मुख्य जिला आयुक्त अभिषेक कुमार सिंह को बुके देकर सम्मानित किया. एसपी ने दीप प्रज्वलित कर साइबर क्राइम की पाठशाला का विधिवत उद्घाटन करते हुए बच्चों को व्हाट्सएप्प, फेसबुक, मैसेंजर आदि इंटरनेट से जुड़ी रोचक एप्प से सावधान रहने की नसीहत दी. उन्होंने बच्चों को देश का कर्णधार बताते हुए खासकर बच्चियों से कहा की कभी भी अंजान व्यक्ति के साथ व्हाट्सएप्प, फेसबुक, मैसेंजर पर चैटिंग नही करें व फेसबुक पर अपनी ओरिजनल फोटो भी मत डालें. किसी-किसी मामले में डाले गए फोटो से कुछ शरारती तत्व छेड़छाड़ कर वायरल कर देते है. जिससे काफी परेशानी होती है. साथ ही अपने एटीएम से पैसा निकालते वक्त सावधान रहें व अपना पासवर्ड किसी के साथ शेयर नही करें.
साइबर क्राइम से संबंधित पाठशाला में बच्चों को पाठ पढ़ाने के बाद एसपी ने मौजूद बच्चों से कोई भी प्रश्न पूछने की बात कही. तब कई बच्चियों ने एसपी से कई सवाल पूछे. जिसका एसपी ने बड़े ही धैर्य से जवाब देकर बच्चों को संतुष्ट किया. विद्यालय की एक बच्ची ने एसपी से पूछा की मुझे आप जैसा पुलिस अधीक्षक बनना है. तब एसपी ने बच्ची को अपनी प्रारंभिक तैयारी से लेकर सारी तैयारियों की जानकारी साझा कर उसे संतुष्ट व मार्गदर्शन दिया. एसपी द्वारा दी गई जानकारी से बच्चों के चेहरे पर खुशी के भाव स्पष्ट दिखाई दे रहे थे.
मौके पर थानाध्यक्ष रणधीर कुमार, एएसआई सुरेंद्र कुमार गहलोत, प्रमोद कुमार सिंह, भारत स्काउट एंड गाइड के जिला प्रशिक्षक भानुप्रताप ओझा, स्काउट मास्टर बालेश्वर राय, विजयशंकर पांडेय, गौरव उपाध्याय, ब्रजेश कुमार, कौशर आजम, कृष्णकांत तिवारी, मनीष मिश्रा आदि मौजूद थे.