पात्र परिवार को राशन का वितरण हो – डॉ. एस.पी. सिंह 
कलक्टर डॉ. सिंह ने ग्राम भ्रमण के तहत फूंसरा में की जनसुनवाई 
राजस्थान के बारां से फ़िरोज़ खान की रिपोर्ट
बारां, 10 अप्रेल। जिला कलक्टर डॉ. एस.पी. सिंह ने कहा कि अपात्र व्यक्तियों के राशन वितरण पर रोक लगाई जानी चाहिए जिससे पात्र व्यक्तियों को पारदर्शी तरीके से राशन का वितरण सुनिश्चित किया जा सके। 
डॉ. सिंह सोमवार को ग्राम भ्रमण कार्यक्रम के तहत पंचायत समिति बारां की ग्राम पंचायत फूंसरा के अटल सेवा केन्द्र में आयोजित जनसुनवाई में राशन विक्रेता, व अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत चयनित व्यक्ति को 2 रूपए किलो गेहूं का वितरण सुनिश्चित किया जाना चाहिए एवं इसमें शामिल अपात्र व्यक्तियों को चिन्हित कर हटाया जाना चाहिए जिससे पात्र व वंचित व्यक्ति को पूर्ण लाभ दिया जा सके। उन्होंने आमजन से बिना अपना नाम लिखे ऐसे लोगों की सूची देने को कहा जो अपात्र होने के बावजूद राशन व अन्य सुविधाओं का उपभोग कर रहे है जिससे उन पर नियमानुसार कार्यवाही की जा सके।
इस मौके पर आयोजित जनसुनवाई में विद्युत के तार झूलने, पेयजल की समस्या,  बीपीएल सूची में नाम जुड़वाने, भूमि का पट्टा, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पंजीकृत करने समेत विभिन्न समस्याओं के निस्तारण हेतु संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए गए। कलक्टर डॉ. सिंह ने पीएचईडी विभाग के अधिकारियों को फूंसरा में कार्यरत व सूखे हेण्डपम्प की भौतिक रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा एवं हेण्डपम्प मिस्त्री के माध्यम से खराब हेण्डपम्प दुरूस्त करवाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारी को झूलते तारों की समस्या से ग्रामवासियों को निजात दिलाने की बात भी कही जिससे किसी प्रकार की अनहोनी न हो।
पट्टों का करवाया वितरण
कलक्टर डॉ. एस.पी. सिंह ने ग्राम पंचायत फूंसरा में ग्राम सेवक को मौके पर ही ग्रामवासियों के 25 पट्टे तैयार कर वितरण करने के निर्देश दिए एवं ग्रामवासियों से कहा कि पट्टा लेने के बाद 7 दिवस में इसकी रजिस्ट्री अवश्य करवाएं जिससे पट्टा कागज की सार्थकता सिद्ध हो। 
इस मौके पर डॉ. सिंह ने ग्रामवासियों को कहा कि गांव के विकास के लिए स्वच्छ भारत मिशन के तहत सहभागी बनकर घरों में शौचालय निर्माण करवाएं जिससे स्वच्छ व स्वस्थ गांव की संकल्पना को साकार किया जा सके। इस अवसर पर सरंपच, उपखंड अधिकारी बद्रीलाल राठौर, ग्रामवासियों समेत कई ब्लॉक स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।