
मांझी(सारण)। सांसद जनार्दन सिंह सीग्रीवाल की विशेष पहल पर सोमवार से न्यू मांझी रेलवे स्टेशन के टिकट काउंटर से रेल यात्रियों को रेल टिकट मिलना शुरू हो गया। रेल टिकट मिलना शुरू हो जाने के बाद आसपास के गांवों से जुड़े रेल यात्रियों में खुशी की लहर दौड़ गई। सोमवार को न्यू मांझी रेलवे स्टेशन पहुंचे सांसद ने पुरवोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक से फोन पर बात की तथा आज से ही टिकट काउंटर शुरू कराने का आग्रह किया। बाद में रेल प्रशासन की हरी झंडी मिलते ही स्टेशन मास्टर हरेराम सिंह ने टिकट बेचना शुरू कर दिया। इस दौरान टिकट कटाने की होड़ में शामिल कौरुधौरु पंचायत के बीडीसी प्रतिनिधि सुनील कुमार पाण्डेय पहला टिकट खरीदकर टिकट काउंटर पर टिकट बिक्री का श्री गणेश किया। मौके पर मौजूद पूर्व जिला पार्षद धर्मेन्द्र सिंह समाज, सरपंच प्रतिनिधि विजय चौरसिया, मुकेश सिंह, मयंक ओझा, रंजन शर्मा, गायक उदय नारायण सिंह, रामाकांत सिंह तथा अक्षय सिंह आदि ने सांसद को एक हस्ताक्षर युक्त ज्ञापन सौंपकर छपरा वाराणसी इंटरसिटी, बलिया सियालदह एक्सप्रेस, सद्भावना एक्सप्रेस तथा आनंद बिहार पटना एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग की। मौके पर मौजूद लोगों ने स्टेशन से सटे तथा आजादी के बाद से सड़क से वंचित सैदपुरा गांव के लोगों के लिए पक्की सड़क निर्माण की मांग की, जिसपर सांसद ने कहा कि सैदपुरा गांव से शुरू होकर मझनपुरा रेलवे क्रासिंग के समीप तक उक्त ग्रामीण सड़क को मुख्य सड़क से जोड़ने के लिए फिलहाल रेल की शेष भूमि पर ही कच्ची सड़क का निर्माण कराया जाएगा ताकि आवागमन की सुविधा बहाल हो सके। अगले चरण में पक्की सड़क का निर्माण कराया जाएगा। सांसद ने मौजूद लोगों के आग्रह पर मांझी हाल्ट के सौंदर्यीकरण में लगे ठेकेदार से भी बात की तथा एक सप्ताह के भीतर हाल्ट के सौंदर्यीकरण का काम शुरू कराने का निर्देश दिया।

मौके पर भाजपा नेता जय किशोर सिंह, शिव नाथ बिन्द, भरत मांझी, नागेंद्र ठाकुर, रवि कुमार, मोहन यादव तथा निशांत राज सहित दर्जनों लोग मौजूद थे।




Recent Comments