नवविवाहिता को मां-बाप द्वारा किये शादी का लड़का पसंद नहीं आया तो मनपसंद युवक के साथ भाग कर ली दूसरी शादी
अमनौर /सारण
दो माह पूर्व अपहृत नव विवाहिता को अमनौर पुलिस ने बरामद किया. इस मामले में दो माह पूर्व स्थानीय थाना क्षेत्र के हुस्सेपुर गांव निवासी व अपहृत नव विवाहिता की मां शिवकुमारी देवी ने थाने में गांव के ही युवक धनंजय कुमार सहित पांच अन्य लोगों के खिलाफ गलत नीयत से अपहरण कर लिये जाने को लेकर प्राथमिकी दर्ज करायी थी. मालूम हो कि उक्त युवती की शादी गोपालगंज के बैकुन्ठपुर में हुआ. शादी के कुछ ही दिनों बाद वह अपने मां-बाप से मिलने के बहाने मायके आयी थी. जहां गांव के ही युवक धनंजय कुमार ने कुछ लड़कों के साथ उक्त नवविवाहिता के साथ फरार हो गया. इधर इस घटना की प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से स्थानीय पुलिस इसकी बरामदगी को लेकर परेशान दिख रही थी. पुलिस के बढ़ते दबाव को देखते हुए आरोपी अपहृता नवविवाहिता को अमनौर बाजार छोड़ फरार हो गया. जिसे पुलिस बरामद कर नव विवाहिता को 164 के बयान के लिये कोर्ट भेज दिया. अमनौर थाना के एएसआई चन्देश्वरी यादव ने बताया कि यह एक प्रेम -प्रसंग का मामला है. बरामद नव विवाहित महिला का कहना था कि मेरे मां – बाप ने गलत लडका से मेरी शादी कर दी थी. इसलिये भाग कर अपने मनपसंद के युवक से दूसरी शादी रचा ली है. महिला ने पुलिस के समक्ष अपनी अपहरण की बात से स्पष्ट रूप से इनकार किया है.