दहेज के लालच में तिलक के दिन घर में ताला बंद कर वर पक्ष फरार
#तिलक लेकर वापस लौटे दुल्हन पक्ष के लोग
#आंदर थाना क्षेत्र में तिलक लेकर गए थे दुल्हन पक्ष के लोग
# मैरवा नगर निवासी है वधू पक्ष, बीएससी पास युवती दर्ज कराएगी एफआइआर
प्रवेज़ अख्तर/सिवान
मैरवा(सिवान): प्रदेश सरकार द्वारा दहेज मुक्त बिहार बनाने के लिए प्रयासरत है. वहीं दूसरी तरफ प्रदेश सरकार के मंसूबे पर कुछ दहेज लोभी पानी फेर रहे है. ऐसा ही एक वाक्या जिले के आंदर थाना क्षेत्र में घटित हुआ है. यहां के निवासी वर पक्ष दहेज के लालच में दुल्हन पक्ष द्वारा तिलक लाने से पहले ही घर में ताला बंद कर फरार हो गए. वहां पहुंचने पर इसकी जानकारी होने के बाद वधु पक्ष के लोग बैरंग घर लौटे. इधर बीएससी की पढ़ाई पूरी कर चुकी युवती ने वर पक्ष के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने का फैसला लिया है. उसके परिजन भी उसके साथ कदम से कदम मिलाकर खड़े है.
मालूम हो कि मैरवा थाना क्षेत्र के मैरवा नगर निवासी एक युवती की शादी आंदर थाना क्षेत्र में तय थी. तय समय के अनुसार वधु पक्ष के लोग रविवार को आंदर थाना क्षेत्र में तिलक लेकर गए. वहां पहुंचे पर उन्होंने देखा कि लड़के वाले तिलक के दिन घर बंद कर फरार हो गये है. तिलक के दिन बंद घर देख आस-पास के लोगों से पूछताछ की और बैरंग लौट आए. लड़की के पिता ने बताया कि तिलक के दो दिन पहले फोन आया था कि मुझे 10 लाख रूपये मिल रहे है. यदि तुम्हे शादी करना है तो पूरे देने होंगे. जबकि वह 5 लाख नगद और लड़की के लिए सारा सामान देने के लिए तैयारी कर लिया था. यही नहीं शादी की पूरी तैयारी भी पूरी कर ली गयी है. कार्ड बंट चुके है. उन्होंने यह भी बताया कि उसने अपनी लडकी बीएससी कराया है और यह उसकी पांचवी बेटी है. लड़की के पिता ने रोते हुए कहा कि उसकी प्रतिष्ठा दांव पर है. वह एक दूर के रिश्तेदार के माध्यम से शादी तय किये थे. लड़का एसएसबी का जवान है. लड़के का पिता विद्युत विभाग में कार्यरत है. उन्होंने बताया कि उन्हे संदेह है कि लड़के की शादी के लिए किसी ने उसे 10 लाख रूपये देने की पेशकश की है. 18 फरवरी को शादी है. जिसकी पूरी तैयारी कर ली गयी थी. इसके लिए वह कानून का दरवाजा खटखटाएंगे. उन्हें पूरा विश्वास है कि इस सरकार में उसे जल्द न्याय मिलेगा. इधर लोग चर्चा कर रहे है आखिर क्या वजह है कि दुल्हा पक्ष ने शादी से इंकार कर दिया है. उनसे संपर्क करने का प्रयास किया गया परंतु संपर्क नहीं हो सका. इधर अभी इस मामले की जानकारी पुलिस को भी नहीं है.