– आक्रोशितों ने मुआवजे की मांग को ले मैरवा-दरौली मुख्य पथ को किया घंटों जाम
– थाना क्षेत्र के करोम गांव में अहले सुबह हुयी घटना, परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल
– आक्रोशित परिजनों ने विद्युत विभाग के विरुद्ध कार्रवाई करने का दिया आवेदन
– सीओ व थानाध्यक्ष ने आक्रोशितों को समझा-बुझाकर कराया शांत
परवेज अख्तर/सिवान;

दरौली. थाना क्षेत्र के करोम गांव में सोमवार की सुबह गांव में किसी कार्यवश आ रहे थे. अभी वह कुछ दूर गये ही थे कि पहले से टूट कर गिरे तार की चपेट में आ गये. जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. परिजनों उन्हें मैरवा रेफरल अस्पताल भी ले गये जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया. आक्रोशित परिजनों ने मैरवा-दरौली मुख्य मार्ग को जामकर दिया और मुआवजे की मांग पर अड़ गये. सूचना पर पहुंचे सीओ व थानाध्यक्ष ने आक्रोशितों को समझा-बुझाकर शांत कराया.
करोम गांव निवासी रामाधार तिवारी सुबह करीब 6.30 बजे किसी कार्य से गांव की तरफ जा रहे थे. अभी वह वेद प्रकाश तिवारी व बलिंद्र सिंह के खेत के करीब पहुंचे ही थे कि पहले से टूट कर गिरे तार की चपेट में आ गये. इस घटना में वह अचेत होकर गिर पड़े. इसके बाद उन्हें मैरवा रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. इसके बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया. बिजली विभाग को दोषी ठहराते हुये परिजन अधेड़ रामाधार तिवारी का शव लेकर गांव पहुंचे और दरौली-मैरवा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. सूचना पर थानाप्रभारी संजीव कुमार व सीओ आनंद कुमार घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया. सीओ व थानाध्यक्ष ने मृतक के परिजनों को प्रखंड स्तर से मिलने वाली हर सहायता राशि मुहैया कराने का आश्वासन दिया. वहीं परिजनों ने मौत के लिए बिजली विभाग को जिम्मेदार ठहराते हुये कार्रवाई की मांग की. जिस पर पदाधिकारियों ने जांच कर उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया. इसके बाद आक्रोशित परिजन शांत हुये और आवागमन सुचारू रुप से बहाल हो सका. इधर घटना के मृतक की पत्नी लीलावती देवी, पुत्र अजय कुमार तिवारी सहित अन्य का रो-रो कर बुरा हाल हो गया था. मृतक को दो पुत्र व चार पुत्रियां है. घटना के बाद उनका रो-रो कर बुरा हाल हो गया था.
———————–