
दैनिक खोज खबर/जलालपुर/छपरा। सारण डी एम अमन समीर ने बुधवार को प्रखंड के बंगरा स्थित सर्वोदय विद्यालय में निर्माणाधीन अतिरिक्त वर्ग कक्ष भवन, उक्त स्थल के समीप डेयरी प्रोजेक्ट हेतु चयनित भूमि तथा डेयरी प्रोजेक्ट स्थल तक पहुंचने हेतु पहुंच पथ के निर्माण के परिप्रेक्ष्य में बंगरा अवस्थित सभी सरकारी भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया ।निरीक्षण के क्रम में उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी को उक्त विद्यालय के नए भवन (G+2) निर्माण हेतु पूर्व से विभाग को भेजे गए प्राक्कलन के साथ साथ उक्त विद्यालय के संपूर्ण भूमि का सीमांकन कराकर चहारदीवारी निर्माण हेतु भी प्राक्कलन तैयार कराने का निर्देश दिया,जिससे भवन एवं चहारदीवारी दोनों योजनाओं को एक साथ स्वीकृत कराकर निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जा सके।
उप समाहर्ता, भूमि सुधार, सदर एवं अंचलाधिकारी, जलालपुर को उक्त विद्यालय की संपूर्ण भूमि का अविलंब सीमांकन करने तथा उक्त विद्यालय एवं बगल में अवस्थित टीचर ट्रेनिंग कॉलेज के आसपास सभी सरकारी भूमि को चिह्नित कर नक्शा में डेयरी प्रोजेक्ट का निर्माण कहां होगा, उक्त डेयरी प्रोजेक्ट के लिए पहुंच पथ हेतु लगभग फोरलेन का रास्ता कैसे दिया जाएगा, बड़े बड़े कंटेनर वाहनों के आवागमन हेतु प्रवेश द्वार पर पथ की चौड़ाई कितनी रहेगी, को अंकित करते हुए कितनी रैयती भूमि को अधिग्रहित किया जाएगा से सम्बन्धित विस्तृत प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया ।
कार्यपालक अभियंता, पथ प्रमंडल, छपरा को प्राप्त भूमि के आधार पर डेयरी प्रोजेक्ट के पहुंच पथ को अधिक से अधिक चौड़ाई में निर्माण कराने हेतु प्राक्कलन तैयार करने का निर्देश दिया ताकि डेयरी प्रोजेक्ट को चयनित स्थल से सीधे राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ा जा सके।
निरीक्षण के समय जिला शिक्षा पदाधिकारी निशांत किरण , अनुमंडल पदाधिकारी, सदर, उप समाहर्ता, भूमि सुधार सदर, कार्यपालक अभियंता, पथ प्रमंडल, छपरा, अभियंता, शिक्षा विभाग, प्रखंड विकास पदाधिकारी विनोद कुमार, जलालपुर, अंचलाधिकारी अविनाश कुमार जलालपुर तथा प्रभारी प्राचार्य जयलाल राय, सर्वोदय विद्यालय तथा उनके सभी शिक्षक एवं कर्मी उपस्थित थे।




Recent Comments