
सोनपुर। टोपो लैंड एवं जमीन निबंधन पर लगी रोक के विरोध में चल रहे जनआंदोलन को और अधिक व्यापक एवं सशक्त बनाने के उद्देश्य से टोपोलैंड संघर्ष समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक सोनपुर के सबलपुर हस्ती टोला में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ समाजसेवी धर्मनाथ शर्मा ने की, जबकि संचालन वीरेन्द्र शर्मा ने किया। बैठक में क्षेत्र के नागरिकों, युवाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। उपस्थित बीरेंद्र शर्मा, पवन शर्मा, दीपक कुमार,विनोद यादव सहित अन्य वक्ताओं ने कहा कि टोपो लैंड की समस्या वर्षों से स्थानीय लोगों के लिए असुरक्षा और अनिश्चितता का कारण बनी हुई है। उक्त बात के जनकारी देते हुए पवन शर्मा ने सोमवार के बताया कि सोनपुर में जमीन की रजिस्ट्री पर लगी रोक से आम नागरिकों के सामाजिक एवं आर्थिक जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है, जिससे लोगों में व्यापक असंतोष व्याप्त है।
बैठक में इस जनहित के मुद्दे के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करने, घर-घर संपर्क अभियान चलाने तथा अधिकाधिक जनसमर्थन जुटाने पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि संघर्ष को शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक ढंग से तेज किया जाएगा, ताकि सरकार तक जनता की आवाज प्रभावी रूप से पहुँच सके। इसके लिए गांवों में नियमित सभाएँ, नुक्कड़ बैठकें तथा जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया। विशेष रूप से युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर बल दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि युवा वर्ग समाज की शक्ति है और उनके सक्रिय सहयोग से ही इस जनांदोलन को व्यापक स्वरूप दिया जा सकेगा। युवाओं से सामाजिक एकजुटता एवं जनहित के इस संघर्ष में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया गया।
सभा को शिव शंकर शर्मा, मृत्युंजय राय उर्फ गोप जी, रामजी शर्मा सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया। सभी ने एक स्वर में जमीन निबंधन पर लगी रोक को तत्काल हटाने तथा टोपो लैंड विवाद का स्थायी एवं न्यायसंगत समाधान निकालने की मांग की। बैठक का समापन संघर्ष को और अधिक संगठित एवं व्यापक बनाने के संकल्प के साथ हुआ।




Recent Comments