मांझी(सारण) : स्थानीय थाना पुलिस ने जयप्रभा सेतु के बलिया मोड़ पर शुक्रवार की दोपहर टैंकर के अंदर छुपा कर लाई जा रही शराब की एक बड़ी खेप बरामद की है। वहीं टैंकर चालक एवं वैगनार व बाइक पर सवार 6 लाइनर समेत 7 धंधेबाजों को भी गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। शराब को हरियाणा से लोड कर लाया जा रहा था। जिसे सारण जिले में हीं अनलोड करना था। गिरफ्तार टैंकर चालक राजस्थान का दिनेश कुमार बिरवा है। जबकि पुलिस गिरफ्त में आये लोगों में वैगनार पर सवार लाइनर में जलालपुर क्षेत्र के नितेश कुमार सिंह, अली रजा, रोहित कुमार सिंह व रसूलपुर क्षेत्र के कमलेश कुमार साह एवं बाइक सवार सीवान जिले के सिसवन थाना क्षेत्र के कचनार निवासी विशाल कुमार और रंजीत कुमार बताये जा रहे हैं। थानाध्यक्ष नीरज कुमार मिश्रा ने बताया कि छठ पूजा के दौरान शांति व्यवस्था को लेकर गम्भीर थाना पुलिस बलिया मोड़ पर एक-एक वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पहुंचे टैंकर को जब रोक मुआयना किया गया तो। पीछे के हिस्से में बारिक कटिंग दिखाई दिया। जो कि सामान्यतः तेल टैंकर में नही होता है। जब चालक से उसे खोलने के लिए कहा गया तो आनाकानी करने लगा। सख्ती बरतने पर जो उसने ढक्कन को खोला तो सभी हतप्रभ रह गए। अंदर बड़ी संख्या में शराब के कार्टून रखे हुए थे। पोल खुलते देख साथ में चल रहे एक कार व बाइक पर सवार लाइनर भागने की कोशिश करने लगे। पुलिस को माजरा समझते देर न लगी और लपक कर उन्हें भी वाहन समेत अपने कब्जे में ले लिया। तीनों वाहन समेत गिरफ्तार कारोबारियों को थाने लाया गया। पुलिस ने टैंकर से 165 कार्टन कैसिनो शराब बरामद की है। जिसकी मात्रा 1425 लीटर है। गिरफ्तार कारोबारियों से गहराई से पूछताछ की जा रही है।