मांझी(सारण)। जेई एवं फ्रेंचाइजी द्वारा मिलीभगत कर उपभोक्ताओं से कथित रूप से फर्जी बिल बनाकर अवैध वसूली किये जाने के विरोध में ताजपुर फीडर के उपभोक्ताओं ने जदयू नेता निरंजन सिंह के नेतृत्व में माँझी पावर सब स्टेशन पर शुक्रवार अनिश्चित कालीन धरना शुरू कर दिया। धरना पर बैठे लोग फ्रंचाईजी को रद्द करने की मांग कर रहे थे। उपभोक्ताओं ने बताया कि फ्रेंचाइजी एवं जेई की मिलीभगत से उपभोक्ताओं को डरा धमका कर अवैध वसूली की जा रही है । लोगों का कहना था कि फ्रेंचाइजी संचालकों की मनमानी के कारण अनियमितता चरम पर है। लोगों ने कहा कि मीटर लगाने के नाम पर एक हजार की अवैध उगाही की जाती है । विरोध करने पर एफआई आर करने की धमकी दी जाती है। लोगों ने कहा कि विभागीय प्रबंधक जब तक नही आएंगे और फ्रेंचाईजी रद्द नहीं करेंगे तब तक धरना समाप्त नहीं होगा। धरना पर बैठने वालों में रामेश्वर शर्मा प्रेम यादव रूपेश कुमार राजनाथ साह पटेल राम किशोर राम पंचा महतो वीरेंद्र साह राम नाथ महतो सहित दर्जनों महिला एवं पुरुष धरना में शामिल हैं। इस सम्बंध में पूछे जाने पर जेई नरेन्द्र कुमार ने आरोपों को निराधार बताया।