
मांझी। दाउदपुर थाना क्षेत्र के सरयूपार गांव में मछली मारने के विवाद में पंचायती के बाद जुर्माना के पैसे वसूलने की बात पर दो पक्षों में हुई जम कर मार पीट व बमबारी की घटना में एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। इस दौरान गोलीबारी की भी बात बताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने इससे इनकार किया है। पुलिस ने घटना-स्थल से एक जिंदा बम भी बरामद किया है। सभी घायलों को इलाज के लिए एकमा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सरयूपार गांव निवासी कठिन सिंह के पोखरा में विगत माह मछली मारने के दौरान दो युवक पकड़े गए थे। जब उनसे पूछताछ की गई तो मछली मारने में तीन और लोगों के शामिल होने की बात बताई। जिसको लेकर एक पंचायती भी हुई थी। पंचायती में दोनों पक्ष की बात सुनने के बाद पंचायती में शामिल पंचों द्वारा दोषियों के ऊपर 10-10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। आरोपियों द्वारा कथित रूप से तय समय-सीमा के अंदर जब जुर्माना नही दिया गया तो कठिन सिंह समेत कुछ लोग पूछने उनके दरवाजे पर पहुंचे। पंचों द्वारा पूछे जाने पर दूसरे पक्ष ने कहा कि लॉक डाउन में मेरे पास अभी पैसे नही है। उसके बाद दोनों पक्षों के बीच वाद-विवाद शुरू हो गया। देखते हीं देखते मिर्ची पाउडर, ईंट-पत्थर आदि चलने लगे बमबारी भी हुई। वहां कुछ देर तक भगदड़ की स्थिति बनी रही। सूचना मिलते हीं पुलिस घटना-स्थल पर पहुंची तब तक करीब एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो चुके थे। जिनमें एक पक्ष के कठिन सिंह, नवीन सिंह, सचिन सिंह, बबुआ नंद सिंह, जयप्रकाश सिंह उर्फ हरिजी व सत्येंद्र सिंह शामिल हैं। जिनमें कठिन सिंह व बबुआनंद सिंह की स्थिति नाजुक बताई जा रही है। वहीं दूसरे पक्ष के हमीद मियां, पप्पू मियां, नजाहिद हुसैन, अलगू मियां व बेबी बेगम शामिल हैं। दोनों पक्षों के बीच तनाव को देखते हुए दाउदपुर,मांझी व एकमा पुलिस घटना-स्थल पर कैम्प कर रही है।थानाध्यक्ष सुजीत कुमार चौधरी ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है। दोनों पक्ष का फर्द बयान के बाद मामला स्पष्ट होगा।




Recent Comments