जिले के दो शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर बनकर तैयार है मॉडल टीकाकरण कॉर्नर
• बड़ा तेलपा व मासूमगंज में बना टीकाकरण केंद्र
• आधुनिक सुविधाओं से किया गया लैस
• सुबह 11 से शाम 7 बजे तक मिलेगी सुविधा

छपरा/ 27, दिसम्बर : अब शहरी आबादी को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मुहैया करायी जाएगी. इसके लिए मॉडल टीकाकरण कॉर्नर का निर्माण किया गया है। नियमित टीकाकरण कार्यक्रम को बेहतर स्वरूप देने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। जिले में स्थित दो शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों मासूमगंज तथा बड़ा तेलपा में मॉडल टीकाकरण कॉर्नर खोले गए हैं , जिसमें टीकाकरण के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गयी है। शीघ्र ही इस टीकाकरण केंद्र का विधिवत शुभारंभ किया जायेगा। इसको लेकर तैयारी शुरू कर दी गयी है।
सिविल सर्जन डॉ. माधवेश्वर झा ने बताया इस केंद्र की शुरुआत का मकसद टीकाकरण के प्रति आम जन-मानस को जागरूक करना तथा इसके महत्व को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है। दरअसल नवजात शिशुओं में शत प्रतिशत टीकाकरण कराने का सरकार का लक्ष्य है, जिसके प्रति आम लोगों को जागरूक करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। साथ ही गुणवत्तापूर्ण तरीके से टीकाकरण की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराया जा रहा है। इन सभी बातों को ध्यान में रखते हुए ही मॉडल टीकाकरण केंद्र का निर्माण किया गया है. बच्चों को खेलने के लिए आवश्यक खिलौने केंद्र में रहेंगे। जो बच्चों के लिए बेहतर माहौल पैदा करेगा। वहीं दीवारों पर कई कार्टून कैरेक्टर बनाकर उनके मनोरंजन का ख्याल रखने का प्रयास किया गया है। इससे सरकारी केंद्रो में टीकाकरण कराने से परहेज करने वाले लोगों के रुझान में भी बढ़ोतरी होगी. मॉडल केंद्र पर स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण में अत्याधुनिक तकनीक का इस्तेमाल होगा। केंद्र पर बच्चों का टीकाकरण पूरी तरह निशुल्क किया जाएगा।

सुबह 11 से शाम 7 बजे तक मिलेगी सुविधा:
टीकाकरण केन्द्रों में गर्भवती महिलाओं और जन्म के बाद के शिशुओं को टीका दिया जाएगा। इन टीका केन्द्रों की खासियत है कि यह सुबह 11 बजे से रात को 7 बजे तक खुली रहेंगी। अभी सदर अस्पताल में 2 बजे दिन तक ही टीका दिया जा रहा है। इसमें हैपेटाइटिस के दूसरे चरण, आईपीवी पोलियो, निमोनिया, सहित रोटा वायरस जैसे टीके दिये जाएंगे।
स्लम बस्तियों तक पहुंचें स्वास्थ्य सेवाएँ:
ग्रामीण क्षेत्रों की अपेक्षा शहरी क्षेत्रों में टीकाकरण की संख्या कम है। वहीं राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन का मुख्य उद्देश्य शहरी, खास कर स्लम बस्तियों में रहने वालों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। जिसमें गर्भवती महिलाओं और बच्चों पर विशेष ध्यान देना है।
आधुनिक रूप से किया गया विकसित:
टीकाकरण केंद्र में बच्चों को सुलाने, समुचित प्रकाश की व्यवस्था, टीकाकरण कराने के लिए आने वाली माताओं तथा अभिभावकों के बैठने की व्यवस्था, टीकाकरण करने वाले कर्मियों के बैठने की व्यवस्था के अलावा वैक्सीन के रख-रखाव की समुचित व्यवस्था की गयी है। इस केंद्र को पूरी तरह से आधुनिक रूप से विकसित किया गया है। यहां पेंडेंट लाइट्स के साथ एलईडी भी लगाए गए हैं। वहीं टीकाकरण के फायदों को बोर्ड के द्वारा भी बताया गया है।
साफ़-सफाई एवं बेहतर सुविधा उपलब्ध:
जिला स्वास्थ्य समिति के डीपीसी रमेश चंद्र प्रसाद ने बताया इस केंद्र पर बेहतर साफ़-सफ़ाई, लाभार्थियों के लिए प्रतीक्षा कक्ष एवं वातानुकूलित माहौल में बच्चों को टीकाकरण प्रदान की व्यवस्था की गयी है। आस-पास के लोग भी धीरे-धीरे इस केंद्र पर उपलब्ध सुविधाओं को देखते हुए यहाँ पर बच्चों को टीका लगवाने आने लगे हैं।