जिला शिक्षा समिति की बैठक में शिक्षा विभाग की गड़बड़ी का उठा मुद्दा

दरभंगा(8अगस्त)। जिला परिषद परिसर में मंगलवार को जिला शिक्षा समिति की बैठक समिति के अध्यक्ष स्वतंत्र कुमार झा की अध्यक्षता में हुई। जिसमें शिक्षकों के नियोजन में बरती गयी अनियमितता, छठे चरण की शिक्षक बहाली में मेधा अंक में गड़बड़ी व मध्याह्न भोजन में गड़बड़ी के साथ ही विद्यालयों में पठन पाठन व विधि व्यवस्था पर चर्चा हुई। जिप सदस्य सह समिति के अध्यक्ष ने छठे चरण के शिक्षक नियोजन में बरती गई अनियमितता के संबंध में कहा कि नियोजन समिति ने फर्जी तरीके से शिक्षकों का नियोजन किया है। जिसका प्रमाण है कि क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक दरभंगा प्रमंडल दरभंगा पत्रांक – 96 दिनांक – 27/02/2023 में साफ – साफ उल्लेखित है कि आरक्षण रोस्टर का उल्लंघन किया गया है। मेधा का हनन किया गया है और स्वतंत्रता सेनानी के पाल्य को मिलने वाली आरक्षण में गड़बड़ी हुई है। छठे चरण के नियोजन का वर्ष 2019 है लेकिन छठे चरण में नियोजित शिक्षकों से मोटी रकम लेकर वैसे नव उत्क्रमित विद्यालय में पदस्थापित कर दिया गया जिसका उत्क्रमण 2021 में हुआ है। इतने अनियमितता के बाबजूद जो नियोजन इकाई गलती किया है उसे ही जांच करने की जिम्मेदारी दी गई है। शिक्षकों के स्वैक्षिक स्थानांतरन में भी मोटी रकम लेकर शिक्षको का स्थानांतरण किया गया है। जबकि नव उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय में उर्दू, संस्कृत, मैथिली, विषय में अभी पद नहीं सृजित किया गया है लेकिन स्थानांतरण में इन विषयों में शिक्षकों का स्थानांतरण भी किया गया है। बैठक में विभिन्न विद्यालय में संवेदक के द्वारा खाद्यान घोटाला एवं विभिन्न मदों से प्राप्त राशि का बंदरबांट, छात्रों एवं अभिवावकों से अवैध वसूली का मुद्दा उठा। इसके अलावे जिला के सभी विद्यालय में शौचालय, चहारदीवारी, बेंच -डेस्क, पंखा और पेयजल की व्यवस्था के लिए संबंधित विभाग को समिति के माध्यम से पत्राचार का प्रस्ताव पास किया गया। बैठक में समिति के सदस्य धीरेंद्र कुमार, सुनीता यादव, निर्भय कुमार, समिति के सचिव सह जिला शिक्षा पदाधिकारी समर बहादुर प्रताप सिंह, रवि कुमार (डीपीओ -सर्व शिक्षा अभियान), नवीन ठाकुर डीपीओ माध्यमिक, संदीप कुमार (डीपीओ स्थापना) आदि ने भाग लिया।