छपरा (सारण): जिले के परसा प्रखंड स्थित बलिगांव में बाढ़ के पानी से जूझ रहे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है। सांसद राजीव प्रताप रूडी की पहल के बाद मंगलवार को इलाके का बाढ़ फाटक खोल दिया गया।

कई गांवों में पानी घुसने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया था। स्थानीय ग्रामीणों की मांग पर सांसद ने डीएम से बात कर फाटक खुलवाया। हालांकि, गंडक नदी की तरफ भारी गाद जम जाने के कारण पानी की निकासी नहीं हो पा रही थी।समस्या की सूचना मिलते ही सोनपुर एसडीओ, जल संसाधन विभाग के चीफ इंजीनियर प्रमोद कुमार, सांसद प्रतिनिधि राकेश सिंह और परसा थानाध्यक्ष ओमप्रकाश पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने तुरंत जेसीबी मंगवाकर फाटक के पास जमी गाद की सफाई करवाई।गाद साफ होते ही पानी की निकासी तेजी से शुरू हो गई, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। इस त्वरित कार्रवाई पर स्थानीय लोगों ने सांसद और प्रशासनिक अधिकारियों का आभार जताया है।