भारी भीड़ के बीच संबोधित करते कन्हैया

छपरा में कन्हैया की हुंकार, सरकार पर जमकर बरसे, CAA व NRC पर भी लताड़ा

विनीत कुमार, छपरा

शहर के हवाई अड्डा मैदान में CAA व NRC के विरोध में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुवे डॉ कन्हैया कुमार ने हुंकार भरा। अपने संबोधन में कन्हैया केंद्र सरकार की नीतियों विशेषकर NRC, NPR व CAA पर जमकर बरसे।

कन्हैया ने कहा कि CAA पर सरकार झूठ बोल रही है,भ्रम फैला रही है। उन्होंने कहा कि CAA नागरिकता देने का नहीं बल्कि नागरिकता लेने का कानून है। अपने ओजस्वी संबोधन में कन्हैया ने कहा कि हिंदू मुस्लिम के बीच जो नफरत की बीज बोई जा रही है उससे बचने की जरूरत है। आप नफरत को नफरत से नहीं हरा सकते।

संबोधन में कन्हैया ने CAA व NRC को ट्रेन में टीटीई व यात्री के बीच का उदाहरण देकर समझाया। कन्हैया ने कहा कि आसाम में इनका प्लान फेल हो गया जिसके बाद ये लोग CAA व NRC लाये हैं। कन्हैया ने कहा कि ये लोग 85 प्रतिशत लोग को 15 प्रतिशत का डर दिखा रहे हैं और इसमें 99 प्रतिशत को उलझाकर उनकी संपत्ति हड़पकर अपने दोस्त नीरव मोदी को देना चाहते हैं।

कन्हैया के संबोधन के दौरान कई बार लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका हौसला बढ़ाया। कन्हैया ने कहा कि यह सरकार अगर हमें अपना नागरिक नही मानती है तो हम भी इस सरकार को सरकार नही मानेंगे।

इस दौरान हवाई अड्डा मैदान में कन्हैया को सुनने के लिए बड़ी संख्या में लोगों का हुजूम उमड़ा था। आपको बता दे कि जिले के कोपा थाना क्षेत्र में कन्हैया के काफिले पर पथराव भी हुआ था जिसमे एक वाहन का शीशा टूट गया था लेकिन इसके बाद पुलिस सुरक्षा में कन्हैया को सभास्थल तक लाया गया।