इसुआपुर(सारण)। प्रखण्ड के गलिमापुर गांव निवासी तथा मशरक के प्रसिद्ध होमियोपैथिक चिकित्सक समाजसेवी ड़ा.पी.के.परमार ने बर्षों से जर्जर हुए सड़क की निजी कोष से मरम्मत कराकर यातायात बहाल कराया। मशरक-तरैयां एस एच मुख्य सड़क से जुड़ने वाली तथा गलीमापुर गांव में जाने वाली यह पीसीसी संपर्क सड़क वर्षों से क्षतिग्रस्त हो गई थी। सड़क पर खाईनुमा बड़े-बड़े जानलेवा गड्ढे हो गए थे। जिससे दोपहिया तथा चार पहिया वाहन इसमें गिरकर फंस जाते थे। साथ ही जानलेवा स्थिति उत्पन्न हो जाती थी। वहीं यातायात भी बाधित हो जाता था। इन गड्ढों की मरम्मत हो जाने से ग्रामीणों ने समाजसेवी चिकित्सक का आभार व्यक्त किया है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि व्यवहार कुशल डॉक्टर परमार साहेब पीड़ित मानवता की सेवा में भी सदैव तत्पर रहते हैं। असहाय,गरीबों की निःशुल्क सेवा भी करते हैं। जिससे लोगों के बीच ये काफी लोकप्रिय हैं।