घर पर धावा बोल अपराधियों ने एक युवक को गोली मारी, मौत के बाद मचा कोहराम
मांझी। सारण
बुधवार की रात मांझी थाना क्षेत्र के छोटकी महम्मदपुर गांव निवासी स्व सुदामा यादव के घर पर हमला कर लगभग एक दर्जन अपराध कर्मियों ने घर में सो रहे भोला यादव 38 वर्ष की नृशंस हत्या कर दी। हत्या के पूर्व अपराधकर्मियों ने उसकी गर्दन मरोड़ कर तोड़ दी फिर उसकी गर्दन पर चाकू से वार कर लगुलुहान कर दिया और तब फिर सिर में सटाकर गोली दाग उसे मौत की नींद सुला दी। मृतक का भतीजा डब्ल्यू यादव ने बताया कि हत्या के बाद दीवार फांद कर अपराध कर्मी उसके घर में प्रवेश कर गए तथा लूटपाट शुरू कर दी। विरोध करने पर उसकी बुआ व मृतक की बहन को डंडे से मारकर सिर फोड़ दिया जिससे वह लहूलुहान हो गई। करीब 20 मिनट त्तक लूटपाट का क्रम जारी रहा। बाद में शोर शराबा व महिलाओं की चीख पुकार सुन आसपास के ग्रामीण पहुंचे इससे पहले अपराध कर्मी भाग निकले। डब्ल्यू ने बताया कि घर में घुसे सभी अपराध कर्मी हाफ पैंट व टी शर्ट पहने हुए थे। तथा उन लोगों ने गमछा से मुंह बांध रखा था। उनके हाथ में डंडा व कट्टा मौजूद था। पचास हजार से अधिक के जेवर आदि भी लूट लिए गए। घटना की सूचना पाकर पहुंची मांझी थाना पुलिस ने तड़के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया।
गांव में प्रभाव शाली था भोला
घटना की सुबह लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। लोगों ने बताया मृतक भोला यादव गांव के सामाजिक कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता था। आसपास के गांवों में उसकी दबंग की छवि थी।
दरवाजे पर परिजनों के रुदन क्रंदन से पूरा माहौल गमगीन था। माता जिलेबिया देवी पत्नी बुची देवी आदि रो रो कर कह रही थी कि अब परिवार के भरण पोषण कौन करेगा। दरवाजे पर खड़े तीन पुत्र व एक पुत्री प्रत्येक आने वालों पर टकटकी लगाए हुए थे। ऐसा लग रहा था कि शायद वे हत्यारों की शिनाख्त कर रहे हैं। पिता की हत्या से वे स्तब्ध थे। पूछे जाने पर हत्या का कारण बताने में लोग संकोच कर रहे थे। थाना ध्यक्ष अनुज कुमार पांडेय ने बताया कि हत्या के पीछे सबसे बड़ा कारण उसका भांजा है। दाउदपुर थाना क्षेत्र के गोबरहीं गांव की एक लड़की को लेकर मृतक का भांजा करीब आठ माह से फरार है। तभी से मृतक की बहन हेवन्ती देवी डर के मारे अपना घर बार छोड़ मृतक के भाई हरेन्द्र यादव के घर रह रही है। गोबरही से फरार प्रेमी युगल को मृतक भोला न सिर्फ प्रश्रय देता था बल्कि खुलकर लड़की वालों का मुकाबला करता था।उसकी इसी भूमिका से नाराज लड़की वालों ने उसे मौत के घाट उतार दिया। इसी अंदेशे को लेकर पुलिस उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर करवाई करने पर बिचार कर रही है। फिलहाल लड़की पक्ष वाले घर से फरार बताये जाते हैं।