दैनिक खोज खबर/तरैया,(सारण)। प्रखंड के पचभिंडा पंचायत के वार्ड नंबर-13 में स्थित मुख्य सड़क SH-73 से चन्द्रमा मांझी के घर के पास से नसीरुद्दीन के घर तक जाने वाली ग्रामीण सड़क पर जलजमाव की समस्या को लेकर मंगलवार को पचभिण्डा पंचायत भवन पर आयोजित सहयोग शिविर में ग्रामीणों ने एक हस्ताक्षरयुक्त आवेदन पत्र दिया। दिए गए आवेदन पत्र में कहा गया है कि जनप्रतिनिधियों की आपसी तालमेल न होने के कारण उक्त सड़क का निर्माण कार्य अबतक अधूरा पड़ा हुआ है। जिस कारण उक्त गांव के सैकड़ों ग्रामीणों एवं स्कूली बच्चों को पानी हेलकर आना-जाना पड़ रहा है। उक्त जगह पर अत्यधिक दिनों तक जल-जमाव होने के कारण कई गंभीर बीमारियां होने की भी संभावना जताई गई हैं। ग्रामीणों ने सहयोग शिविर के माध्यम से उक्त ग्रामीण सड़क का निर्माण कराने की मांग की है। दिए गए आवेदन पत्र पर सलाम खां, ओम प्रकाश, रेयाज खां, जियाउद्दीन खां, लाल बाबू कुमार, संजीत ठाकुर, दिनेश ठाकुर, भानू श्रीवास्तव, उपेंद्र ठाकुर, अशोक ठाकुर, समेत दर्जनों लोगों का हस्ताक्षर मौजूद है।