गोली से घायल नवनिर्वाचित मुखिया के ससुर की मौत से माहौल गमगीन

मांझी(सारण)। बुधवार की शाम मांझी प्रखंड के मुबारकपुर की मुखिया आरती देवी के ससुर मथुरा यादव का शव उनके पैतृक आवास मुबारकपुर के सिधरिया टोला पहुंचा। शव पहुंचते ही मुखिया के मुर्गा फार्म सह बथान परिसर में पहले से मौजूद परिजन रिश्तेदार व शुभचिंतक चीत्कार करते हुए दहाड़ मार कर रोने लगे। मालूम हो कि सोमवार की रात अपने बथान में सो रहे मथुरा यादव 60 वर्ष को अपराध कर्मियों ने गोली मारकर बुरी तरह जख्मी कर दिया था। तथा मंगलवार की देर रात पटना में इलाज के क्रम में उन्होंने दम तोड़ दिया। उधर भागने के क्रम में अपराधकर्मियों ने मांझी के धनी छपरा निवासी प्रकाश कुमार को गोली मारकर गम्भीर रूप से जख्मी कर दिया था। प्रकाश अब भी पटना में एडमिट है तथा परिजन उसका इलाज करा रहे हैं। चिकित्सकों के मुताबिक वह अब खतरे से बाहर बताया जाता है।
      इसी वर्ष जून माह में मृतक की पत्नी लीलावती देवी का भी निधन हुआ था। इससे पहले वर्ष 2000 में मृतक के ज्येष्ठ पुत्र शम्भू यादव की अपराध कर्मियों ने निर्ममता पूर्वक हत्या कर दी थी। इसके अलावा विगत सम्पन्न चुनाव में भी बाइक सवार सशस्त्र अपराध कर्मियों ने मृतक के पुत्र अजय यादव को धमकाते हुए खदेड़ा था। उक्त घटना में उन्होंने बाइक फेंक भाग कर अपनी जान बचाई थी।
        मृतक मथुरा यादव मुख्य रूप से खेती गृहस्ती करते थे। हालांकि वर्ष 2000 से पहले वे कोलकाता में मवेशी का खटाल चलाते थे तथा दूध का ब्यापार करते थे। मृतक को चार पुत्र व एक पुत्री है। उन सभी की शादी हो चुकी हैं।