गोरखपुर (उ.प्र) :मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने प्रदेश वासियों को दी मकर संक्रांति की शुभकामनाएं
न्यूज़ इनपुट-उमेश यादव
इस वर्ष 14 जनवरी,2018 दिन रविवार को रात्रि 8.00 बजे सूर्य नारायण धनु राशि से मकर राशि में संक्रमण करेंगे, इसलिये मकर सक्रान्ति का पुण्यकाल उदया तिथि में दूसरे दिन अर्थात् 15 जनवरी,2018 दिन सोमवार को निर्विवाद रूप से मनाया जायेगा और बुढ़वा मंगल का पर्व 23 जनवरी,2018 को होगा।
मकर संक्रान्ति के अवसर पर श्रीगोरखनाथ मन्दिर में विद्वत्परिषद् की बैठक में यह निर्णय लिया गया। इस अवसर पर मकर संक्रान्ति की शुभकामना देते हुए उ0प्र0 के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि जगत् पिता सूर्य की उपासना एवं सामाजिक समता का महापर्व है ‘मकर संक्रान्ति’। उन्होनें कहा कि ‘मकर संक्रान्ति’ के अवसर पर श्री गोरखनाथ मन्दिर में आयोजित होने वाला परम्परागत खिचड़ी मेला की तैयारी पूर्ण हो चुकी है। इस अवसर पर शिवावतार बाबा गोरखनाथ जी को अपनी पवित्र खिचड़ी चढ़ाने के लिये आने वाले श्रद्धालुजनों की सुविधा एवं सुरक्षा का विशेष ख्याल रखा जा रहा है। खिचड़ी का महापर्व भारत की पर्व एवं त्योहारों की परम्परा में महत्वपूर्ण स्थान रखता है। इस दिन से सूर्य नारायण उत्तरायण में प्रवेश करते है जो सनातन हिन्दू धर्म-संस्कृति में हर प्रकार के शुभ एव मांगलिक कार्यो को प्रारम्भ करने के लिये पुण्य माना जाता है। उन्होंने कहा कि पूरे देश के अन्दर अलग-अलग नाम एवं रूप में यह पर्व मनाया जाता है। उत्तरी भारत में जहाॅ इसे ‘खिचड़ी महापर्व’ के रूप में इस त्योहार को मनाया जाता है वहीं दक्षिण भारत में ‘पोंगल’, पंजाब में ‘लोहड़ी’, बंगाल में ‘तिलवा संक्रान्ति’, असम में ‘बिहु’ आदि नामों से इस पर्व एवं त्योहार को मनाया जाता है। इस अवसर पर श्री गोरखनाथ मन्दिर में लगने वाला ऐतिहासिक खिचड़ी मेला प्रारम्भ हो रहा है। ‘मकर संक्रान्ति’ का पुण्य काल 15 जनवरी को प्रातः काल से सांय काल तक होने के कारण इसके लिये विशेष व्यवस्था की गयी है।किसी भी श्रद्धालु को किसी प्रकार की कोई असुविधा न हो इसके लिये मन्दिर की ओर से रात्रि रूकने वाले श्रद्धालुओं के लिये निःशुल्क आवासीय व्यवस्था की गई है साथ ही श्रीनाथ जी का सभी श्रद्धालुजन सुविधाजनक ढंग से दर्शन कर सके इसके लिये अनेक स्वंय सेवक लगाये गये है। मन्दिर परिसर व मेला परिसर की प्रत्येक गतिविधियों पर नजर रखने के लिये जगह-जगह सी0सी0 कैमरें लगाये गये है एवं वाच टावर भी बनाये गये है। मुख्यमंत्री जी ने समाज का आह्वान किया कि मकर संक्रान्ति से गांव-गांव में सामाजिक समरसता का खिचड़ी सहभोग सामाजिक एकता के लिये मिलकर किया जाना चाहिए। ‘मकर संक्रान्ति’ का यह पर्व सम्पूर्ण समाज और राष्ट्र के लिये मंगलमय हो इस कामना के साथ हम मकर संक्रान्ति की मंगलमय शुभकामनायें देते है।
गोरखपुर




Recent Comments