नगरा(सारण)।खैरा थाना क्षेत्र के खोदाईबाग स्थित गंडकी नदी के लोहई पुल के समीप छठ घाट पर मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई,जब घाट की सीढ़ियों के पास पानी में एक नवजात शिशु का शव बरामद हुआ. पानी में शव दिखाई देने के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई. घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं. स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना खैरा थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और नवजात के शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी.स्थानीय लोगों के अनुसार, नवजात शिशु की उम्र करीब एक से दो दिन बताई जा रही है. आशंका जताई जा रही है कि जन्म के बाद किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा नवजात को पानी में फेंक दिया गया है. वहीं, घटना के बाद यह सवाल भी उठ रहा है कि कहीं मामला अवैध रूप से गर्भपात कराने या जन्म के बाद नवजात को छोड़ देने से तो जुड़ा नहीं है.घटना के बाद घाट पर मौजूद लोगों में काफी आक्रोश और हैरानी देखी गई. छठ घाट जैसे सार्वजनिक एवं धार्मिक स्थल के समीप नवजात का शव मिलने से क्षेत्र में चर्चा का माहौल है. हालांकि, नवजात की मौत कैसे हुई और शव को पानी में किसने फेंका, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है.वहीं इस संबंध में खैरा थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है. नवजात की पहचान, मौत के कारणों और शव को नदी में फेंकने वाले व्यक्ति का पता लगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.