
22 नवंबर से 23 दिसंबर तक चलेगा 32 दिवसीय सोनपुर मेला
सोनपुर। विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला 2026 के आयोजन को लेकर तैयारियां युद्ध स्तर पर शुरू हो गई हैं। गंगा और गंडक नदियों के पावन संगम क्षेत्र में लगने वाले इस ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक मेले को भव्य और आकर्षक स्वरूप देने के लिए जिला प्रशासन से लेकर स्थानीय प्रशासन से लेकर निर्माण कार्य में जुटे ठेकेदार, कारीगर और मजदूर दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। 22 नवंबर से 23 दिसंबर तक आयोजित होने वाले इस 32 दिवसीय मेले के उद्घाटन से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियों को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
मेले के आयोजन को लेकर पूरे मेला क्षेत्र में चहल-पहल बढ़ गई है। कहीं मुख्य पंडाल का निर्माण चल रहा है तो कहीं प्रवेश द्वारों को आकर्षक रूप दिया जा रहा है। वहीं, दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले व्यापारियों,हस्तशिल्पियों और शिल्पकारों के लिए स्टॉल निर्माण का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है।
220 फीट का मुख्य पंडाल और छह भव्य प्रवेश द्वार
इस बार मेले को विशेष आकर्षण देने के उद्देश्य से लगभग 220 फीट का विशाल मुख्य पंडाल तैयार किया जा रहा है। इसके साथ ही मेला परिसर में छह भव्य प्रवेश द्वारों का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधा मिल सके। उद्घाटन समारोह सहित विभिन्न सांस्कृतिक एवं सरकारी कार्यक्रमों के आयोजन को लेकर भी तैयारियां की जा रही हैं।
आर्ट एंड क्राफ्ट विलेज में सजेंगे शिल्पकारों के स्टॉल
मेले का प्रमुख आकर्षण रहने वाले आर्ट एंड क्राफ्ट विलेज में देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले शिल्पकारों और व्यापारियों के लिए स्टॉल निर्माण व विभिन्न विभाग का स्टॉल लगाने का कार्य तेज गति से जारी है। यहां विभिन्न राज्यों की पारंपरिक कला, हस्तशिल्प, घरेलू उपयोग की वस्तुएं और स्थानीय उत्पाद देखने को मिलेंगे। इससे स्थानीय कारीगरों के साथ-साथ बाहर से आने वाले शिल्पकारों को भी अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री का अवसर मिलेगा।
मनोरंजन से लेकर खरीदारी तक की होगी व्यवस्था
मेले में इस बार भी मनोरंजन और खरीदारी के लिए विभिन्न प्रकार की व्यवस्थाएं विकसित की जा रही हैं। परिसर में थियेटर, रंग-बिरंगे झूले, आधुनिक फूड कोर्ट, कपड़ा बाजार, लकड़ी बाजार, विभिन्न कंपनियों के स्टॉल और खान-पान की दुकानें सजाई जाएंगी। इसके साथ ही मेला क्षेत्र में सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल, रोशनी, शौचालय और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है, ताकि देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।
मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के हाथों उद्घाटन की चर्चा
मेले के उद्घाटन समारोह को लेकर भी लोगों में उत्सुकता बनी हुई है। 22 नवंबर को बिहार के मुख्यमंत्री एवं उपमुख्यमंत्री के हाथों मेले का उद्घाटन कराए जाने की चर्चा है। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक कार्यक्रम की पुष्टि का इंतजार है। उद्घाटन समारोह को भव्य बनाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले के अंतिम सप्ताह में साहित्य प्रेमियों के लिए पुस्तक मेले, रामयन मंचन का आयोजन होने की संभवना है। पुस्तक मेला 17 दिसंबर से 23 दिसंबर तक आयोजित होने की संभावना है। जिला प्रशासन, सारण की ओर से आयोजित किए जाने वाले इस पुस्तक मेले का मुख्य उद्देश्य पाठकों और प्रकाशकों के बीच सीधा संवाद स्थापित करना, साहित्य एवं पठन-पाठन की संस्कृति को बढ़ावा देना तथा कला और संस्कृति को जन-जन तक पहुंचाना है। पुस्तक मेले में विभिन्न प्रकाशकों की पुस्तकों के साथ साहित्यिक गतिविधियों को भी स्थान मिलने की उम्मीद है।
कार्तिक पूर्णिमा स्नान को लेकर प्रशासन अलर्ट
इधर, 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर गंगा और नारायणी नदी में होने वाले पवित्र स्नान को लेकर भी प्रशासनिक तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। पहलेजा घाट गंगा नदी सहित नरायणी घाट सहित विभिन्न स्नान घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए प्रशासन सुरक्षा एवं सुविधा संबंधी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटा है। घाटों पर साफ-सफाई, रोशनी, बैरिकेडिंग, यातायात नियंत्रण, पेयजल और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। प्रशासनिक अधिकारी मेला क्षेत्र और आसपास के इलाकों की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
कुल मिलाकर, विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले को भव्य, आकर्षक और व्यवस्थित बनाने के लिए तैयारियां तेज हो गई हैं। अब स्थानीय लोगों, व्यापारियों और पर्यटकों को 22 नवंबर का इंतजार है, जब एक बार फिर सोनपुर की ऐतिहासिक धरती पर देश की लोक संस्कृति, परंपरा, व्यापार, मनोरंजन और पर्यटन का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।




Recent Comments