
घाटों की आकर्षक सजावट और रोशनी ने बढ़ाई छटा, महंगाई पर भारी पड़ी आस्था; गांव-गांव उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
जलालपुर (सारण)। लोक आस्था, पवित्रता और सूर्योपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार की सुबह उदीयमान भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही भक्तिमय वातावरण में संपन्न हो गया। इसी के साथ पिछले चार दिनों से पूरे जलालपुर प्रखंड में बना छठमय माहौल भी अपने आध्यात्मिक उत्कर्ष पर पहुंचकर संपन्न हुआ।
महापर्व को लेकर पूरे प्रखंड में अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। गांवों की गलियों से लेकर घरों के आंगन तक छठी मईया के गीत गूंजते रहे। व्रतियों की श्रद्धा, परिजनों का सहयोग और युवाओं की सक्रियता ने इस पर्व को सामूहिक उत्सव का रूप दे दिया था। बाजारों में भी छठ की खरीदारी को लेकर दिनभर चहल-पहल बनी रही।
नहाय-खाय के साथ शुरू हुई तैयारियों के दौरान फलों और पूजन सामग्री की मांग में अचानक तेजी आ गई। लौकी की कीमतों ने तो लोगों को खासा चौंकाया। सामान्य दिनों में 30 से 40 रुपये प्रति पीस मिलने वाली लौकी 200 रुपये तक बिकी। अन्य मौसमी फलों की कीमतों में भी वृद्धि दर्ज की गई। बावजूद इसके श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं आई। महंगाई पर आस्था भारी रही और छोटे-बड़े सभी बाजारों में छठ सामग्री की खूब खरीदारी हुई।
रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाए छठ घाट
छठ महापर्व को यादगार बनाने के लिए प्रखंड के विभिन्न गांवों में छठ घाटों की विशेष सजावट की गई थी। रंग-बिरंगी विद्युत लड़ियों और कृत्रिम रोशनी से सजे घाटों की छटा देखते ही बन रही थी। जलालपुर गांव का प्रसिद्ध छठ घाट अपनी आकर्षक सजावट और भव्यता के कारण विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा। यहां का मनोरम दृश्य श्रद्धालुओं को खूब आकर्षित कर रहा था।
सम्होता, कोपा, बसडीला, अनवल, बनकटा, पियानो, देवरिया, साधपुर, कुमना, हसुलाही, चतरा, पतिला, संवरी, मंगोलापुर, मिश्रवलिया, किशुनपुर, भटकेसरी और सकड्डी सहित अनेक गांवों के घाटों को भी आकर्षक ढंग से सजाया गया था। शाम और सुबह के अर्घ्य के दौरान रोशनी से नहाए घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। चारों ओर छठी मईया के पारंपरिक गीतों और सूर्यदेव की आराधना से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
सुरक्षा को लेकर पुलिस रही मुस्तैद
पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन के साथ जलालपुर और कोपा थाना पुलिस भी लगातार सक्रिय रही। विभिन्न घाटों और प्रमुख स्थानों पर निगरानी रखी गई। श्रद्धालुओं ने पूरी श्रद्धा और उल्लास के साथ संध्याकालीन तथा प्रातःकालीन अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य और खुशहाली की कामना की।
चार दिनों तक जलालपुर की धरती पर आस्था, परंपरा और सामाजिक एकजुटता का अद्भुत संगम देखने को मिला। पर्व के समापन पर कई स्थानों पर आतिशबाजी भी की गई। छठ महापर्व ने एक बार फिर साबित किया कि यह केवल सूर्योपासना का पर्व नहीं, बल्कि लोक संस्कृति, पारिवारिक एकता और सामाजिक सौहार्द का भी अनुपम उत्सव है।




Recent Comments