
छपरा। लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ के अवसर पर छपरा की विधायक छोटी कुमारी ने क्षेत्र के कई छठ घाटों का दौरा कर व्रतियों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। उन्होंने सोनारपट्टी घाट और सीढ़ी घाट सहित अन्य घाटों पर जाकर श्रद्धालुओं से संवाद किया। इसके बाद कठिया बाबा मंदिर के पास उन्होंने छठ व्रतियों के पैर धोए, चरण स्पर्श किए और उनका आशीर्वाद लिया।
व्रतियों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए विधायक ने कहा कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति, पवित्रता और आस्था का अनूठा प्रतीक है। यह पर्व त्याग, तपस्या, अनुशासन और प्रकृति के प्रति आभार का संदेश देता है। कठिन उपवास और निष्ठा के साथ व्रत रखने वाली माताओं व बहनों की भक्ति सभी के लिए प्रेरणा है।
उन्होंने कहा कि छठी मईया से यही प्रार्थना है कि छपरा विधानसभा क्षेत्र के हर परिवार पर उनकी कृपा बनी रहे और हर घर में सुख, शांति, समृद्धि व स्वस्थ जीवन का वास हो। विधायक ने कामना की कि सभी व्रतियों की मनोकामनाएं पूरी हों और क्षेत्र विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचे। साथ ही समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारा और मजबूत हो।
छोटी कुमारी ने कहा कि छठ केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि लोक संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और सामाजिक एकता का जीवंत रूप है। इसकी सादगी और लोककल्याण की भावना समाज के सभी वर्गों को जोड़ती है।
घाटों पर भ्रमण के दौरान उन्होंने व्रतियों और श्रद्धालुओं से आत्मीयता से भेंट की, क्षेत्रवासियों की खुशहाली के लिए प्रार्थना की और सभी को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं।






Recent Comments