संजय पांडे/छपरा । जयप्रकाश विश्वविद्यालय, छपरा के राष्ट्रीय सेवा योजना के दो स्वयंसेवकों को गणतंत्र दिवस परेड से संबंधित आरडी कैंप में सहभागिता के लिए मंगलवार को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

आरडी कैंप के लिए चयनित स्वयंसेवकों में भूमिका कुमारी, होतीलाल रामनाथ कॉलेज, अमनौर तथा प्रियांशु पांडेय, राजेंद्र कॉलेज, छपरा शामिल हैं। दोनों स्वयंसेवक इस शिविर में भाग लेकर विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं शिक्षकों ने दोनों स्वयंसेवकों को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

हरी झंडी दिखाकर रवाना करने के अवसर पर कुलसचिव प्रो नारायण दास परीक्षा नियंत्रक डॉ अशोक मिश्रा,प्रोफेसर गजेन्द्र कुमार, प्रोफेसर उदय अरविंद, प्रोफेसर हरिश्चंद्र,प्रोफेसर आशा रानी उपस्थित रहे।

विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों ने स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर के ऐसे शिविर युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, राष्ट्रप्रेम एवं सामाजिक सेवा की भावना को विकसित करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करते हैं।

दोनों स्वयंसेवकों का आरडी कैंप के लिए चयन जयप्रकाश विश्वविद्यालय एवं संबंधित महाविद्यालयों के लिए गौरव का विषय है। विश्वविद्यालय परिवार ने दोनों के सफल सहभागिता की कामना की।