सूचना की तेज रफ्तार और सोशल मीडिया के दौर में विश्वसनीयता बनाए रखना बड़ी चुनौती, निष्पक्षता, तथ्यपरकता और जनसरोकार ही पत्रकारिता की असली ताकत

छपरा, 15 नवंबर।
लोकतंत्र में पत्रकारिता केवल घटनाओं की जानकारी देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, जनसमस्याओं को आवाज देने और सत्ता एवं व्यवस्था को जवाबदेह बनाने का महत्वपूर्ण आधार है। इसी भूमिका, स्वतंत्रता और जिम्मेदारी के महत्व को रेखांकित करने के लिए प्रत्येक वर्ष 16 नवंबर को राष्ट्रीय प्रेस दिवस मनाया जाता है। बदलते दौर में जब सूचना का प्रवाह तेज हुआ है और सोशल मीडिया ने खबरों के प्रसार को आसान बनाया है, तब पत्रकारिता के सामने सबसे बड़ा सवाल उसकी लोकप्रियता नहीं, बल्कि विश्वसनीयता और जिम्मेदारी का है।

खबर की गति से अधिक सच्चाई को मिले महत्व:
वर्तमान समय में खबरों की प्रतिस्पर्धा हद से ज्यादा बढ़ी है। जिस कारण सबसे पहले खबर देने, अधिक व्यूज हासिल करने और सोशल मीडिया पर अपनी मौजूदगी मजबूत करने की होड़ में कई बार तथ्यों की पुष्टि और खबरों की विश्वसनीयता प्रभावित होती है। सनसनीखेज शीर्षक, अधूरी जानकारी और अपुष्ट दावे पाठकों को आकर्षित तो कर सकते हैं, लेकिन इससे पत्रकारिता के प्रति भरोसा कमजोर होता है। पत्रकारों के लिए जरूरी है कि खबर की गति से अधिक उसकी सत्यता, निष्पक्षता और जनहित को प्राथमिकता दें।

लोकप्रियता से बड़ी है विश्वसनीयता:
पत्रकारिता में लोकप्रियता क्षणिक हो सकती है, लेकिन विश्वसनीयता वर्षों के प्रयास और निष्पक्ष कार्यशैली से अर्जित होती है। एक जिम्मेदार पत्रकार का दायित्व केवल घटना का विवरण प्रस्तुत करना नहीं, बल्कि उससे जुड़े तथ्यों, परिस्थितियों और आम लोगों पर पड़ने वाले प्रभाव को भी सामने लाना है। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कृषि, महिला सुरक्षा और प्रशासनिक जवाबदेही जैसे विषयों को प्राथमिकता देना ही पत्रकारिता को वास्तविक जनसरोकारों से जोड़ता है।

स्वतंत्रता के साथ जवाबदेही भी जरूरी:
प्रेस की स्वतंत्रता लोकतंत्र की महत्वपूर्ण शर्त है, लेकिन इसके साथ ही पत्रकारिता की नैतिक जिम्मेदारी भी जुड़ी हुई है। क्योंकि खबरों में सभी संबंधित पक्षों को उचित स्थान देना, आरोपों की पुष्टि करना, तथ्यों और विचारों के बीच अंतर बनाए रखना तथा त्रुटि होने पर उसका सुधार करना एक जिम्मेदार पत्रकार की पहचान है। किसी दबाव, प्रभाव या व्यक्तिगत हित से ऊपर उठकर सच को सामने रखना ही पत्रकारिता की विश्वसनीयता को मजबूत करता है।

पत्रकारों को निष्पक्षता और सत्यनिष्ठा के बल पर जनता का विश्वास अर्जित करना चाहिए:
आज जरूरत ऐसी पत्रकारिता की है, जो लोकप्रियता की प्रतिस्पर्धा में अपने मूल उद्देश्य से भटके नहीं। पत्रकारिता का काम किसी को खुश करना या किसी के पक्ष में माहौल बनाना नहीं, बल्कि तथ्यों के आधार पर समाज के सामने वास्तविक तस्वीर रखना है। लोकतंत्र में पत्रकार की पहचान उसके अनुयायियों या खबरों की पहुंच से नहीं, बल्कि जनता के उस विश्वास से होती है, जिसे वह अपनी निष्पक्षता और प्रतिबद्धता से अर्जित करता है।