खसरा रूबेला मुक्त सारण कप पर डब्ल्यूएचओ का कब्जा

छपरा/सारण:स्थानीय जगदम कॉलेज के खेल मैदान में खसरा रूबेला कार्यक्रम को सफल बनाने के उद्देश्य से मैत्री क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला संपन्न हुआ। मैच का उद्घाटन महाराजगंज के सांसद श्री जनार्दन सिंह सिग्रीवाल द्वारा किया गया अपने संबोधन में उन्होंने जिले के सभी चिकित्सक व स्वास्थ्य क्षेत्र में कार्यरत सभी अधिकारियों व कर्मियों को खसरा रूबेला कार्यक्रम टीकाकरण में सारण का शीर्ष स्थान पर बनाने के योगदान के लिए धन्यवाद दिया। साथ ही आमजनों से उन्होंने अपील किया कि 9 माह से 15 वर्ष तक के अपने सभी बच्चों को खसरा रूबेला का टीका जरूर लगवाएं।

फाइनल मुकाबले में पहुंची दो टीमों में पीएचसी 11 सारण की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 13वें ओवर में 78 रन पर ऑल आउट हो गई। जवाब में खेलने उतरी डब्ल्यूएचओ की टीम ने 6 विकेट खोकर 15 ओवर में मैच जीतकर खिताब अपने नाम कर लिया। विजेता व उपविजेता टीम को नगरा पीएचसी प्रभारी डॉ. महेंद्र मोहन और डब्लुएचओ एसएमओ डॉ. आरके सिंह ने कप प्रदान करने के साथ सभी खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर पुरस्कृत किया। डब्ल्यूएचओ टीम के सुनील कुमार को मैन ऑफ द मैच व इसी टीम के बंटी कुमार को मैन ऑफ द सिरीज का पुरस्कार दिया गया। मैच में अम्पायर की भूमिका में रंजीत भोजपुरिया व संजय अनुपम रहे वहीं कमेंट्री संतोष कुमार व अभिषेक कुमार ने किया। स्कोरर के रूप मे योगेंद्र सिंह योगी ने अपना योगदान दिया। इस प्रतियोगिता के आयोजन को सफल बनाने में मुख्य रूप से रणजीत मिश्रा, निरंजन सिंह, संजय शर्मा, मनोज कुमार, कुमुद, प्रिंस, कृष्णा, अनिल, सगीर, रवि, शक्ति समेत स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े सभी कर्मियों की सराहनीय भूमिका रही।