कैश वैन अगवा किए जाने की सूचना पर छह थानों की पुलिस ने एसपी के नेतृत्व में की छापेमारी

लकड़ीनबीगंज (सिवान): ‘खोदा पहाड़ निकली चुहिया’ यह कहावत सोमवार को सिवान पुलिस पर सटीक बैठी। बसंतपुर थाना क्षेत्र के कन्हौली गांव समीप अपराधियों द्वारा एक कैश वैन को चालक व गार्ड सहित अगवा कर लूटे जाने की सूचना पर पूरे जिले के आलाधिकारियों में हड़कंप मच गया। आनन फानन में एसपी नवीन चंद्र झा, एएसपी कांतेश मिश्रा सहित छह थानों की पुलिस वाहन बरामदगी को छापेमारी में निकल पड़े। पुलिस के पहुंचने के पूर्व ही अपराधी गाड़ी को सुनसान जगह पर छोड़ फरार हो गए। अचानक कन्हौली गांव में पुलिस की आधा दर्जन से अधिक गाड़ियों को देख कर लोगों में भी सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर बीएसएनएल लिखी हुई गाड़ी को जब्त कर लिया और एक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। वहीं एसपी ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में सील गाड़ी को जब खुलवाया तो उसमें शराब के 129 कार्टन पाए गए। जिनकी कीमत बाजार में करीब 15 लाख रुपये आंकी गई। गिरफ्तार युवक लखनऊ जिला के बदायूं निवासी सिबते नबी बताया जाता है।
मामले में बताया जाता है कि सोमवार की दोपहर बीएसएनएल लिखी हुई एक बंद बॉडी की गाड़ी तेज रफ्तार में बसंतपुर की तरफ जा रही थी।
लोगों को गाड़ी की रफ्तार देख शंका हुई, थोड़ी ही देर में अचानक यह बात अफवाह के रूप में फैल गई कि कुछ अपराधियों ने एक कैश वैन को चालक व गार्ड को लूट की नीयत से अगवा कर लिया और छपरा की तरफ भाग रहे हैं। इसकी सूचना जिला मुख्यालय में एसपी को दी गई।
एसपी ने दलबल के साथ छापेमारी की, इसी बीच इस बात की जानकारी शराब के धंधेबाजों को मिल गई और वे गाड़ी को छोड़कर फरार हो गए।