
छपरा: सारण जिले की कोपा थाना पुलिस ने सोयाबीन रिफाइंड तेल चोरी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी किया गया 1240 टीन रिफाइंड तेल और घटना में प्रयुक्त ट्रक भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, गत 31 अक्टूबर को रक्सौल से करीब 40 लाख रुपये मूल्य का सोयाबीन रिफाइंड तेल लादकर एक ट्रक मेरठ के लिए रवाना हुआ था। रास्ते में ट्रक मालिक की मिलीभगत से तेल को गायब कर दिया गया और खाली ट्रक को कोपा थाना क्षेत्र के बसडीला पेट्रोल पंप के पास खड़ा कर दिया गया। ट्रांसपोर्टर को जब जीपीएस लोकेशन से गड़बड़ी का अंदेशा हुआ, तो उसने तुरंत कोपा थाना में इसकी शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर सदर-2 अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और जीपीएस डेटा के आधार पर पुलिस ने जलालपुर बाजार स्थित एक गोदाम में छापेमारी की। वहां से चोरी का पूरा तेल बरामद कर लिया गया और गोदाम मालिक समेत तीन लोगों को दबोच लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी:
- उमेश कुमार, पिता गुलाबचंद्र प्रसाद (दुबबलियाँ, जलालपुर)
- राकेश कुमार, पिता गुलाबचंद्र प्रसाद (दुबबलियाँ, जलालपुर)
- देबेन्द्र कुमार, पिता गुलाबचंद्र प्रसाद (दुबबलियाँ, जलालपुर)
बरामदगी:
- 1 ट्रक
- 1240 टीन सोयाबीन रिफाइंड तेल
पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि उन्हें तेल चोरी का होने की जानकारी थी, इसके बावजूद उन्होंने इसे खरीदा था। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।




Recent Comments