कश्मीर आतंकी हमला: एक पुलिसकर्मी सहित 5 की मौत

अब्दुल मुत्तलिब रज़ा 
श्रीनगर,0 7 मई। दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में शनिवार रात पुलिस दल पर हुए आतंकवादी हमले में एक पुलिसकर्मी और आतंकवादी समूह लश्कर-ए-तय्यबा के वांछित आतंकवादी सहित पांच लोग मारे गये। कुलगाम के मीर बाजार में पुलिस दल पर हमला करने के दौरान जवाबी कार्रवाई में वांछित आतंकवादी फैयाज अहमद अश्वर उर्फ सेठा मारा गया। उधमपुर आतंकी हमले में नाम आने के बाद, वह अगस्त 2015 से ही लापता था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जवाबी कार्रवाई किये जाने से पहले ही पुलिस में शामिल कांस्टेबल महमूद अहमद शेख ने अपनी जान को खतरे में डालते हुए एक आतंकवादी से उसकी पिस्तौल छीन ली। आतंकवादियों द्वारा अंधाधुंध चलायी गयी गोलियों से तीन नागरिकों की मौत हो गयी। पुलिस महानिदेशक एसपी वैद्य ने ने बताया कि एक पुलिसकर्मी शहीद हुआ है।
उन्होंने बताया कि आतंकवादियों ने सड़क हादसे की जांच करने मीर बाजार गये पुलिस दल पर हमला कर दिया। पुलिस ने बताया कि जवाबी कार्रवाई में घायल आतंकवादी को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में उसकी पहचान अश्वर के रूप में हुई। उसपर दो लाख रुपये का इनाम है।