कलक्टर सिंह ने ग्राम कनोटिया मे की जनसुनवाई
राजस्थान के बारां से फ़िरोज़ खान की रिपोर्ट “दैनिक खोज खबर “बारां, 21 मार्च। जिला कलक्टर डॉ. एस.पी. सिंह ने कहा कि आमजन की मूलभूत सेवाओं बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य से संबंधित समस्याओं का त्वरित निस्तारण कर राहत दी जानी चाहिए।
डॉ. सिंह मंगलवार को ग्राम भ्रमण कार्यक्रम के तहत पंचायत समिति अटरू की ग्राम पंचायत कनोटिया के अटल सेवा केन्द्र में आयोजित जनसुनवाई में अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आमजन की बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य आदि से संबंधित समस्त समस्याओं को अटल सेवा केन्द्र पर लिखित में दर्ज करवाकर उसकी रसीद दी जानी चाहिए जिससे समस्या को ऑनलाइन सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज कर उसके निस्तारण हेतु की गई कार्यवाही की जानकारी भी ली जा सके।
इस मौके पर आयोजित जनसुनवाई में बीपीएल सूची में नाम जुड़वाने, भूमि का पट्टा, देवनारायण मंदिर के समीप सुरक्षा दीवार बनाने, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पंजीकृत करने, किसान क्रेडिट कार्ड दिलवाने, अटल सेवा केन्द्र के पास तलाई से अतिक्रमण हटाने समेत विभिन्न समस्याओं के निस्तारण हेतु संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
इस मौके पर डॉ. सिंह ने ग्रामवासियों को केन्द्र व राज्य सरकार की योजनाओं का समुचित लाभ लेने के लिए आधार कार्ड व भामाशाह कार्ड बनवाने की अपील करते हुए कहा कि सभी को घरों में शौचालय का नियमित उपयोग करना चाहिए जिससे गांव स्वच्छ व स्वस्थ बना रहे।
साथ ही उन्होंने महात्मा गांधी नरेगा योजना के तहत सभी को काम देने व मस्टरोल में नाम जारी करने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर सरंपच मंजू मेहता, उपखंड अधिकारी, विकास अधिकारी, ग्रामवासियों समेत कई ब्लॉक स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।
विद्यालय का किया अवलोकन कलक्टर डॉ. सिंह ने ग्राम पंचायत कनोटिया में ग्राम भ्रमण के तहत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कनोटिया का अवलोकन करते हुए विद्यालय में उपस्थिति रजिस्टर आदि की जांच करते हुए विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने कक्षा 8 के विद्यार्थियों के शैक्षिक स्तर के मूल्यांकन के लिए विद्यार्थियों अंग्रेजी के शब्दों की स्पेलिंग बोर्ड पर लिखवाई और अंग्रेजी के अध्यापक को विद्यार्थियों के अंग्रेजी भाषा के स्तर को सुधारने हेतु निर्देश भी दिए।




Recent Comments