एकमा(सारण)। शुक्रवार की शाम केंद्र सरकार की ओर से महाराजगंज लोकसभा क्षेत्र वासियों को एकमा स्थित मुख्य डाकघर में पासपोर्ट सेवा केंद्र का तोहफा दे दिया गया। मुख्य डाकघर परिसर में आयोजित कार्यक्रम समारोह में पासपोर्ट सेवा केंद्र का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री आरके सिंह, सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, एकमा विधायक श्रीकांत यादव, पूर्व विधायक मनोरंजन सिंह धूमल, पूर्व विधायक ज्ञानचंद मांझी, विदेश मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव प्रभात कुमार, पासपोर्ट कार्यालय पटना के अधीक्षक शंभू शरण, भाजपा जिलाध्यक्ष रामदयाल शर्मा आदि सहित विभिन्न विभागों के वरीय अधिकारियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। पहले दिन पासपोर्ट सेवा केन्द्र में तैनात कर्मी  राजीव कुमार व दीपक कुमार सिंह के समक्ष 15 नये पासपोर्ट बनाने हेतु आवेदन जमा किए गए।