 जयप्रकाश विश्वविद्यालय के शैक्षणिक सत्र व संरचना पर सांसद रुडी ने राजभवन में राज्यपाल से की चर्चा
 कोविडकाल में बाधित पढ़ाई की भरपाई पर भी चर्चा हुई
 जेपी विश्वविद्यालय से महाविद्यालयों की संबद्धता, शैक्षणिक माहौल, क्रीड़ा सामग्रियों की व्यवस्था समेत आधारभूत संरचनाओं के विकास पर हुई चर्चा।
 शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों की समस्याओं के निराकरण पर विमर्श
 जेपी विश्वविद्यालय में खेल-कूद की गतिविधियों को बढ़ाने के लिए बहुद्देशीय खेल परिसर और जिम का होगा निर्माण।
 रुडी ने कहा – विश्वविद्यालय से संबद्ध सभी महाविद्यालय की गतिविधियों की समीक्षा की जानी चाहिए
 लोकनायक जयप्रकाश नारायण के आदर्शों को विद्यार्थियों के बीच प्रचारित-प्रसारित करने पर जोर दिया गया।

छपरा/(सारण) । लोकनायक की पावन भूमि पर उनकी स्मृति में स्थापित जयप्रकाश विश्वविद्यालय में पठन-पाठन, परीक्षा का सत्र, शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों की समस्याओं का निराकरण करने के साथ-साथ विश्वविद्यालय का विकास किया जायेगा। कुलाधिपति सह राज्यपाल फागू चौहान से राजभवन में मुलाकात के बाद उक्त बातें स्थानीय सांसद सह भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव प्रताप रुडी ने कही। रुडी ने बताया कि राज्यपाल से मुलाकात के दौरान विश्वविद्यालय से महाविद्यालयों की संबद्धता और उनमें शैक्षणिक माहौल विकसित करने, क्रीड़ा सामग्रियों की उचित व्यवस्था, विज्ञान-प्रैक्टिकल और अन्य आधारभूत संरचनाओं के विकास से संबंधित मुद्दों पर भी चर्चा हुई। इस दौरान उन्होंने छात्रवृत्ति के पात्र विद्यार्थियों को ससमय छात्रवृत्ति प्रदान करने की तरफ भी कुलाधिपति का ध्यान आकृष्ट कराया।
सारण प्रमंडल के विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा के मद्देनजर सांसद की मुलाकात राज्यपाल सह कुलाधिपति से हुई। इस दौरान विश्वविद्यालय की वर्तमान स्थिति, शैक्षणिक कैलेंडर को पूरे नियम से लागू करने, समय से परीक्षा का संचालन और परिक्षाफल भी समय से निकालने, विश्वविद्यालय में शैक्षणिक माहौल बनाये रखने, इन सब मुद्दों पर राज्यपाल से सांसद ने चर्चा की। साथ ही विश्वविद्यालय और महाविद्यालयों में बंद पड़ी खेल गतिविधियों को भी चालू करने के लिए राज्यपाल से बातचीत हुई। विश्वविद्यालय स्तर पर शोध कार्यों को बढ़ावा देने के लिए भी राज्यपाल से सांसद ने चर्चा की। नियमित कक्षा का संचालन करने के लिए सारण के अंतर्गत जेपी विश्वविद्यालय और उसके अंतर्गत पड़ने वाले महाविद्यालयों में खाली पड़े पदों को भी भरने से संबंधित मुद्दों पर राज्यपाल के साथ चर्चा की गई।