विद्यालय पत्रिका प्रकाशित करने की घोषणा, ऑनेस्टी शॉप’ और स्कूल मैगजीन की भी होंगी शुरुआत

सोनपुर। सोनपुर प्रखंड के उच्च माध्यमिक विद्यालय, दूधैला में  को ‘प्रतिभा सम्मान समारोह-2026’ का आयोजन किया गया। समारोह में शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सोनपुर के स्थानीय विधायक विनय कुमार सिंह ने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए रविवार क़ो कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र के विकास का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, परिश्रम और लक्ष्य के प्रति समर्पण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया तथा विद्यालय के प्रेरणादायी प्रयासों की सराहना की।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक डॉ. अमित शंकर ने अपने संबोधन में कहा कि प्रतिभा का सम्मान विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और उत्कृष्टता की भावना का विकास करता है। उन्होंने बताया कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ संस्कार, अनुशासन और नैतिक मूल्यों से जोड़ना है।
उन्होंने विद्यालय में विद्यार्थियों में ईमानदारी की भावना विकसित करने के उद्देश्य से ‘ऑनेस्टी शॉप (Honesty Shop)’ प्रारंभ करने तथा विद्यार्थियों की साहित्यिक, रचनात्मक एवं बौद्धिक प्रतिभा को मंच प्रदान करने के लिए विद्यालय पत्रिका (स्कूल मैगजीन) का नियमित प्रकाशन शुरू करने की घोषणा की। इस प्रस्ताव का उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों ने स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने स्वागत गीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं प्रेरणादायक प्रस्तुतियों से उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया। समारोह में भाजपा कार्यकर्ता छोटू सिंह,उदय कुमार सिंह, विद्यालय के शिक्षक राकेश कुमार सिंह, रंजन कुमार सिंह, विजय कुमार, राम बाबू राय तथा रविंद्र पांडेय सहित विद्यालय परिवार की सक्रिय भागीदारी रही। समारोह में बड़ी संख्या में अभिभावक, स्थानीय गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण भी मौजूद रहे।
अंत में प्रधानाध्यापक डॉ. अमित शंकर ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं उपस्थित जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।