सारण/ इसुआपुर।प्रखंड के सतासी गांव में एक व्यक्ति के कोरोना वाइरस से संक्रमित होने की सूचना पर जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन के निर्देश के आलोक में सतासी गांव के आसपास के 200 मीटर एरिया को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया गया है। जिसमें गांव के पूरब में माई स्थान, पश्चिम में नगराज गांव के माई स्थान, उत्तर में आतानगर गांव स्थित मुख्य सड़क और दक्षिण में गेहूंआ नदी तक के क्षेत्र को कंटेन्मेंट जोन घोषित किया गया है।कंटेन्मेंट जोन से किसी भी व्यक्ति को न तो बाहर जाने की इजाजत है और ना ही किसी व्यक्ति को बाहर से अंदर आने की इजाजत है। जिलाधिकारी के द्वारा प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी, इसुआपुर को निर्देशित किया गया है कि समस्त आवागमन मार्गां को संबंधित मुखिया एवं वार्ड सदस्य के सहयोग से पूर्णतः लॉक करते हुए आवागमन अवरुद्ध कर दें। यदि किसी व्यक्ति द्वारा कंटेन्मेंट जोन से बाहर पलायन किया जाता है अथवा बाहर से अंदर प्रवेश किया जाता है तो उनके विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाय।जिलाधिकारी के द्वारा इस पूरे क्षेत्र को सेनेटाइज करने का भी निर्देश दिया गया है। जिसका दायित्व जिला वैक्टर बॉर्न रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ दिलीप कुमार सिंह को दिया गया है। साथ ही इस पूरी गतिविधि का अनुश्रवण करने का निर्देश इसुआपुर के बीडीओ तथा सीओ को दिया गया है।
वहीं रविवार को सदर अस्पताल छपरा से स्वास्थ्य विभाग की टीम इसुआपुर पहुंच कर उत्क्रमित मध्य विद्यालय सतासी में शिविर लगाकर कोरोना संक्रमण जांच के लिए 130 लोगों के सैंपल लिए। जिसमें प्रमुख रुप से सीएचसी इसुआपुर के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ विजय किशोर प्रसाद, डॉ बीके सिंह, डॉ प्रदीप कुमार सिंह, भाजपा नेता धीरज सिंह, जेपी यूनिवर्सिटी के छात्र जदयू के अध्यक्ष रणवीर सिंह, पूर्व मुखिया लुकमान अली, पप्पू सिंह, राजेश प्रसाद सिंह, पैक्स अध्यक्ष उर्मिला देवी मुख्य रूप से शामिल थे।