
सोनपुर. विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला-2026 इस बार बिहार की समृद्ध लोक संस्कृति, शास्त्रीय संगीत और पारंपरिक कलाओं की अनूठी छटा से गुलजार होने जा रहा है.कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार (पटना) के तत्वावधान में मेला परिसर में 23 नवंबर से 02 दिसंबर 2026 के बीच विभिन्न तिथियों पर भव्य सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन किया जाएगा.इस मंच के माध्यम से राज्य के स्थानीय और राष्ट्रीय स्तर के नामचीन कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा.
चार दिन सजेगी सुर और ताल की महफिल
विभाग के अनुसार 26 नवंबर, 27 नवंबर और 02 दिसंबर 2026 को अलग-अलग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे.इन संध्याओं में भजन, सुगम संगीत,गजल,लोकनृत्य, शास्त्रीय नृत्य, लोकगायन, वाद्य वादन और सूफी गायन की मनमोहक प्रस्तुतियां दी जाएंगी.
26 नवंबर 2026 (गुरुवार): पटना की प्रीति कुमारी शास्त्रीय नृत्य और उमाभारती दास लोकगायन प्रस्तुत करेंगी.वहीं, पटना के महादेव संगीत कला केंद्र और सोनी कला केंद्र के कलाकार लोकनृत्य की छटा बिखेरेंगे.
27 नवंबर 2026 (शुक्रवार): पटना के अर्जुन कुमार चौधरी (रिदम ऑफ बिहार) वाद्य वादन, शेखपुरा की रिया चौधरी शास्त्रीय एवं सुगम संगीत तथा पटना की कंचन पार्वती सुगम संगीत पेश करेंगी. इसी दिन पटना की सुरागिनी द्वारा लोकनृत्य प्रस्तुत किया जाएगा.
02 दिसंबर 2026 (बुधवार): अंतिम सांस्कृतिक संध्या में डॉ. सुष्मिता झा शास्त्रीय एवं उपशास्त्रीय गायन और पटना की कुमारी अभिलाषा शास्त्रीय गायन प्रस्तुत करेंगी. इसके अलावा पटना के विष्णु कुमार थापा वाद्य वादन तथा अमित सिंह एमपी सूफी गायन से समां बांधेंगे.
जिला प्रशासन ने की अपील
ये सांस्कृतिक संध्याएं मेले की पारंपरिक गरिमा और सांस्कृतिक वैभव को नई ऊंचाई देंगी, जिससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बिहार की सांस्कृतिक विरासत से रूबरू होने का मौका मिलेगा. जिला प्रशासन, सारण ने मेले में आने वाले सभी आगंतुकों और कला प्रेमियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इन कार्यक्रमों में शामिल होकर कलाकारों का उत्साहवर्धन करें.




Recent Comments