माँझी(सारण)। मांझी थाना क्षेत्र के महम्मदपुर मठिया गांव में रविवार को तड़के आम चुनने के विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। मारपीट में एक पक्ष के लोगों द्वारा फायरिंग की गई जिसमें दूसरे पक्ष के दो लोग जख्मी हो गए। जख्मी दोनों लोगों को मांझी पीएचसी लाया गया।बाद में चिकित्सकों ने दोनों को छपरा रेफर कर दिया। घायलों में जयराम यादव तथा पवन यादव शामिल हैं। घायल के परिजनों ने बताया कि कथित रूप से उनके बगीचे में आम चुनने के दौरान पड़ोस के योगेन्द्र सिंह सहित चार लोगों ने धावा बोलकर तथा गोली मार कर जख्मी कर दिया। परिजनों ने बताया कि तीन दिनों पूर्व उक्त बगीचे में महुआ का पेड़ काटने को लेकर विवाद हुआ था। ग्रामीणों के मुताबिक गैरमजरूआ मालिकान जमीन को लेकर योगेन्द्र सिंह और जयराम यादव के बीच लंबे अरसे से दाखिल खारिज का मुकदमा चल रहा है। घायल पक्ष द्वारा मांझी थाने में आवेदन देकर कुल छह लोगों को आरोपित किया है। उधर दूसरे पक्ष के योगेन्द्र सिंह की पत्नी कमलावती देवी तथा पुत्री नीतू देवी ने एकमा थाने में आवेदन देकर आरोप लगाया है कि सुबह मॉर्निंग वॉक के दौरान पहले से घात लगाकर बैठे जयराम यादव समेत अन्य पांच परिजनों ने हमला कर उन दोनों के मंगल सूत्र सिकड़ी तथा कर्ण फूल आदि जेवर आदि छीन लिया। इस दौरान दोनों के साथ मारपीट कर जख्मी कर दिया गया। बाद में शोर मचाने पर लोगों को आता देख सभी भाग निकले। इस सम्बंध में पूछे जाने पर थानाध्यक्ष नीरज मिश्रा ने बताया कि जयराम यादव द्वारा दिये आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। यदि दूसरा पक्ष भी आवेदन देता है तो मामले की जांच कर न्यायोचित कारवाई की जाएगी।