आपसी विवाद में युवक की चाकू मार हत्या

परवेज अख्तर/सिवान;
जीरादेई (सिवान) : थाना क्षेत्र के ठेपहां बाजार में शुक्रवार की शाम मुख्यमंत्री सात निश्चय कार्य के अंतर्गत हर घर नल का जल योजना का पाइप लगाने को लेकर हुए विवाद के बाद हमलावरों ने युवक को चाकू मारकर हत्या कर दी।मृतक की पहचान थानाक्षेत्र के ठेपहां निवासी रामाजी प्रसाद के 28 वर्षीय पुत्र अवधेश कुमार है। मौत की सूचना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हमलावरों में शामिल मुन्ना यति को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि अन्य हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
बताया जाता है कि हर घर नल का जल योजना के तहत गांव में बिछाए जा रहे पाइपलाइन को लेकर गुरुवार को मृतक अवधेश का मुन्ना यति से विवाद हो गया था। चूंकि अवधेश का ठेपहां बाजार में हीं कपड़े की दुकान है। शुक्रवार को प्रतिदिन की तरह दुकान पर आया था। शाम को हत्यारों ने अवधेश को दुकान से खींचकर उस पर चाकूओं से ताबड़तोड़ हमला बोल दिया। चाकू लगने से वह जमीन पर गिर गया उसके शरीर से बहुत मात्रा में खून बहने लगा। आसपास के दुकानदारों तथा स्थानीय लोगों की मदद से उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से आक्रोशित स्थानीय दुकानदारों व अन्य स्थानीय लोगों ने हत़्यारे मुन्ना यति के घर पर पहुंचकर हंगामा करने लगे। अनहोनी की आशंका से तत्पर पुलिस ने जहां लोगों को समझा बुझाकर हंगामा शांत कराया। जीरादेई थानाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर व पुलिस बलों के अलावा मैरवा थाने की पुलिस भी गांव में कैंप कर रही है।
—