अतिरिक्त लक्ष्य में लापरवाही बरतने पर डीएम ने सभी बीडीओ का वेतन रोका
#परवेज अख्तर /सिवान : जिलाधिकारी रंजिता ने कार्यों में लापरवाही बरतने पर जिले के सभी बीडीओ के वेतन पर तत्काल रोक लगाने का आदेश शनिवार को जारी किया है। साथ ही सभी से स्पष्टीकरण की मांग भी गई है। इतना ही नहीं जमाबंदी से छेड़छाड़ के मामले में भी डीएम ने सख्ती बरतते हुए दरौली प्रखंड के राजस्व कर्मचारी ब्रजेंद्र कुमार सिंह को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई समीक्षा बैठक के दौरान की गई। ब्रजेंद्र पर रघुनाथुपर प्रखंड में पदस्थापित रहने के दौरान मौजा के पंजी टू में अंकित जमाबंदी में छेड़छाड़ करने एवं कर्तव्यहीनता का आरोप था। डीएम के आदेश पर ब्रजेंद्र का मुख्यालय फिलहाल बसंतपुर में निर्धारित किया गया है। मामले में बताया जाता है कि शुक्रवार को प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के अंतर्गत विभाग द्वारा रजिस्ट्रेशन व जियो टैगिंग के लिए जिले के सभी बीडीओ को अतिरिक्त लक्ष्य दिया गया था, लेकिन सभी प्रखंडों की प्रगति अत्यंत असंतोषजनक पाई गई। बता दें कि इसके पूर्व जिलाधिकारी द्वारा कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को चेताया था, लेकिन इस बार सभी पर डीएम ने गाज गिराई है। वहीं इस कार्रवाई के बाद से सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों के पसीने छूट रहे थे।
———-