अटल जी की अस्थि कलश यात्रा राज्य की राजधानी पटना पहुंची
• प्रदेश अध्यक्ष नित्यानांद राय के साथ सांसद रुडी, संजय जायसवाल और बिहार सरकार के मंत्री बिनोद नारायण झा ने दिल्ली में ग्रहण किया अटल जी का अस्थि कलश
• उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी, केन्द्रीय मंत्री अश्विनी चौबे, रामकृपाल यादव, राज्य के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे और नंदकिशोर यादव असंख्य कार्यकर्ताओं के साथ पटना एयरपोर्ट से निकले अस्थिकलश लेकर।
पटना , 22 अगस्त, 2018 । राजनीति के स्तंभ, भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी के पंचतत्व में विलीन होने के बाद उनकी की अस्थियों को देश की पवित्र नदियों में प्रवाहित किया जा रहा है। इसी संदर्भ में बुधवार को सुबह 10 बजे भारतीय जनता पार्टी के कार्यालय में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में अटल जी की अस्थि कलश बिहार के प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय जी को सौंपी गई।


प्रदेश अध्यक्ष के साथ सारण लोकसभा क्षेत्र के सांसद राजीव प्रताप रुडी, सांसद श्री संजय जायसवाल और बिहार सरकार के पीएचडी मंत्री बिनोद नारायण झा ने अस्थि कलश को ग्रहण किया और बिहार की पवित्र नदियों में अटल जी की अस्थि अवशेष को प्रवाहित करने के लिए पटना लेकर पहुंचे।

केन्द्रीय मंत्रियों में अश्विनी चौबे और राधामोहन सिंह साथ में थे। विदित हो कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की अस्थियां बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्षों को सौंपी गई। अटल जी की अस्थियां देशभर की 100 पवित्र नदियों में विसर्जित करने की योजना है। अब सभी पार्टी प्रदेश अध्यक्ष अपने-अपने राज्यों की नदियों में विसर्जित करेंगे. अस्थियां सौंपे जाने का कार्यक्रम नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित किया गया और इस मौके पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज मौजूद थे। पटना एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी, केन्द्रीय मंत्री अश्विनी चौबे, रामकृपाल यादव, राज्य के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे और नंदकिशोर यादव ने कार्यकर्ताओं के साथ अस्थिकलश लेकर बिहार भाजपा के मुख्यालय पहुंचे।सांसद श्री रुडी अटल जी के सानिध्य को याद करते हुए भावुक हो गये। उन्होंने कहा कि अटल जी प्रति दिन और हर मुलाकात में जीवन को सार्थक बनाने वाला एक वाक्य अवश्य बताया करते थे। वह अपने आप में पूरी जिंदगी का शब्दकोश थे। पटना पहुंचने के बाद अस्थि कलश को भाजपा कार्यालय ले जाया गया। बुधवार को अंतिम दर्शन के बाद अटलजी की अस्थि अवशेष बिहार की सभी प्रमुख नदियों में प्रवाहित की जाएंगी। इसके लिए पार्टी ने मंत्रियों और पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी 23, 24 और 25 अगस्त को पूरे प्रदेश में उनका अस्थि अवशेष नदियों में विसर्जित करेगी। इसके लिए बक्सर, पटना, सिमरिया, अजगैबीनाथ सुल्तानगंज, भागलपुर में गंगा नदी, गया में फल्गू नदी, छपरा में घाघरा नदी, चंपारण और हाजीपुर में नारायणी नदी, पूर्णिया में महानंदा के तट पर श्रद्धांजलि सभा कर अटलजी की अस्थि को प्रवाहित किया जाएगा।अस्थिकलश को बिहार भाजपा मुख्यालय से बिहार के बक्सर, पटना, सिमरिया, अजगैबीनाथ सुल्तानगंज, भागलपुर में गंगा नदी, गया में फल्गु नदी, छपरा, चंपारण और हाजीपुर में नारायणी नदी, पूर्णिया में महानंदा के तट पर श्रद्धांजलि सभा कर प्रवाहित किया जाएगा। अस्थि कलश यात्रा में बीजेपी के सभी सांसद और विधायक शामिल होंगे।




Recent Comments