अंग्रेजी शराब के ठेका समेत दो दुकानों में हुई चोरी,चोरों ने निकाली चुस्त पुलिसिंग की हवा
दो दिन पहले बस स्टाप स्थित पानी के ठेलों में चोरों ने किया था हाथ साफ

ए.के.केशकर
खागा 31 मई। कोतवाली पुलिस अपराध रोंकने के जितने भी दावे कर रही है, वह हवा-हवाई निकल रहे हैं। दिन भर हूटर बजाती दौड़ती पुलिस की गाडिय़ों की बीती रात हवा निकल गई। लोहाई मार्केट स्थित एक दुकान में शटर तोड़कर अज्ञात चोर हजारों रुपए की नकदी समेट ले गए वहीं नौबस्ता रोड स्थित अंग्रेजी शराब ठेके में नकब लगाकर अज्ञात चोर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
लोहाई मार्केट स्थित लक्ष्मीचंद्र की दुकान में अज्ञात चोर रात में शटर तोड़कर अंदर दाखिल हुए। भुक्तभोगी ने बताया कि सुबह दुकान खोलने आया तब उसको घटना की जानकारी हुई। बताया कि गुल्लक में रखी नकदी व कीमती सामान समेत हजारों रुपए का माल चोरी चला गया। इसी प्रकार नौबस्ता रोड स्थित अंग्रेजी शराब के ठेके में नकब लगाकर चोरों ने घटना को अंजाम दिया सेल्समैन बृजेश शुक्ला ने सुबह जैसे ही शट उठाया, अंदर का नजारा देखकर हक्का-बक्का रह गया। बताते हैं दुकान में एक महीने के अंदर दूसरी घटना है। विजयनगर मुहल्ला स्थित नहर पुलिया के पास गुल्लक व कुछ कागज बिखरे होने से आशंका जताई जा रही है कि चोर इधर से ही गुजरे हैं। दो दिन पहले भी बस स्टाप स्थित आशीष तथा झल्लर के पानी, शर्बत ठेले पर चोरों ने नकदी व शीतल पेय की बोतलों पर हाथ साफ किया था। लोगों की मानें तो छोटी-मोटी घटनाओं पर पुलिस की सुस्त कार्यशैली से बेखौफ चोर अब दुस्साहसिक वारदातों को अंजाम देने में लगे हुए हैं।




Recent Comments