मांझी(सारण)। बिहार की सीमा से सटे बैरिया थाना क्षेत्र के बीएसटी बांध नई बस्ती के सामने घाघरा नदी में स्नान करने गए पांच किशोर गहरे पानी में जाकर डूब गए। घटना सोमवार दिन के 10 बजे की है। बच्चों के डूबने की खबर गांव में जंगल की आग की तरह फैल गई और सैकड़ों ग्रामीण घाट की ओर दौड़ पड़े। वहां जुटे लोग गहरे पानी में उतर कर किशोरों की तलाश करने लगे। समाचार भेजे जाने तक एक का शव नदी से बाहर निकाला जा सका था तथा शेष चार शवों की तलाश जारी थी।
मिली जानकारी के अनुसार टोला फकरु राय के डेरा निवासी अवधेश यादव के पुत्र लवकुश यादव 15 वर्ष संतोष यादव के पुत्र विकास यादव 16 वर्ष परमात्मा यादव के पुत्र अप्पू यादव 10 वर्ष विशाल यादव 14 वर्ष पुत्र उद्धव यादव के पुत्र विशाल यादव 14 वर्ष जयप्रकाश यादव के पुत्र लालू यादव 8 वर्ष घाघरा नदी में स्नान करते समय गहरे पानी में चले गए। सूचना पाकर चांददियर व जयप्रकाश नगर के चौकी प्रभारी मौके पर पहुंच गए और गोताखोरों की सहायता से डूबे किशोरों के शवों की खोज कराने लगे। कुछ ही देर में एसडीएम अशोक चौधरी, क्षेत्राधिकारी अशोक सिंह तथा एसएचओ बैरिया व काफी संख्या में पुलिस बल समेत मौके पर पहुंच गए। संवाद प्रेषण तक एक किशोर लवकुश यादव पुत्र अवधेश यादव का शव नदी से बाहर निकाला जा सका था शेष की तलाश जारी है। सभी मृतकों के परिजन किसान अथवा पशुपालन का कार्य करते हैं।