तरैया(सारण)। थाना क्षेत्र के भटौरा-डेवढ़ी कावरा के समीप से 13 पोल के 33 केवी के बिजली का तार अज्ञात चोरों के द्वारा काट लिए जाने का मामला प्रकाश में आया है। इस संबंध में विद्युत आपूर्ति प्रशाखा मढ़ौरा शहरी के कनीय अभियंता राजू कुमार सोनी ने तरैया में एक प्राथमिकी दर्ज कराया है। दर्ज प्राथमिकी में कहा गया है कि तरैया-मढ़ौरा 33 केवी के 13 पोल के 12 स्पेन का तार अज्ञात चोरों ने काट लिया है। तार काटने से एक पोल गिर गया है तथा कई पोल टेढ़ा हो गया है। तार व 15 इंसुलेटर समेत अन्य सामान चोरी हो जाने से नॉर्थ बिहार डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड को लगभग 2 लाख 87 हजार 627 रुपये राजस्व की क्षति हुई है। तार काटने से कई विद्युत उपकेन्द्र का लाइन भी वाधित होने की संभावना बन गई है। पुलिस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच में जुट गई है।

—//–
मोबाइल छीनने के मामले में प्राथमिकी दर्ज

तरैया (सारण)। थाना क्षेत्र के तरैया-अमनौर एसएच-104 सड़क पर एक व्यक्ति का मोबाइल छीन लिये जाने का मामला प्रकाश में आया है। इस संबंध में मसरख थाना क्षेत्र के बहरौली गांव निवासी राम बहादुर महतो ने तरैया थाने में एक प्राथमिकी दर्ज कराया है। जिसमें कहा गया है कि मैं पटना से अपने घर बाइक से आ रहा था तो तरैया से लगभग डेढ़ किमी पहले पचौड़र रोड में एक पल्सर बाइक पर सवार तीन युवक कुछ दूर तक आगे पीछे कर मेरे बाइक को ओवर टेक करते हुए रोका तथा जैकेट के पैकेट से मेरा मोबाइल छीनकर भाग निकले। तीन युवक मुंह बांधे हुए थे। इधर तरैया व आसपास के क्षेत्र में संध्या समय चलने वाले बाइक चालकों से मोबाइल झपटने की लगातार घटनाएं घट रही है। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर जांच में जुट गई है।