सीवान :पचरूखी चीनी मिल की जमीन बचाने को सुप्रीम कोर्ट जायेंगे किसान
—————————————
दैनिक खोज-खबर के लिए उमेश सिंह पटेल
——————————————
सिवान- प्रखंड के चीनी मिल की जमीन की नीलामी का मामला दिन-प्रतिदिन तूल पकड़ता जा रहा है। भू-माफियाओं के राजनीतिक ओर प्रशासनिक गठजोड़ के खिलाफ लगभग आधा दर्जन गांव के किसान अब आर-पार की लड़ाई लड़ने के लिए तैयार हो रहे हैं।बुधवार को हुई घटना को लेकर प्रखंड मुख्यालय के पास स्थित गांव में आस-पास के आधा दर्जन गांव के लोगों की एक गोपनीय  महापंचायत देर रात्रि में हुई।जिसमें बड़हरिया विधानसभा के  प्रत्याशी,जिला परिषद के लगभग आधा दर्जन प्रत्याशी सहित दर्जन भर नेता उपस्थित थे।पंचायत में इस बात पर यह सर्वसम्मति बनी कि हमलोग अपनी जान दे देंगे लेकिन चीनी मिल की जमीन नीलाम नहीं होने देंगे।इसकी लड़ाई हमलोग सड़क से लेकर न्यायालय तक लड़ेंगे।चाहे इसके लिए हमें सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा क्यों नहीं खटखटाना पड़े।वहीं इस बात की भी सहमति बनी कि अब इस मामले के राजनीतिक-प्रशासनिक-पत्रकार और भू-माफिया के गठजोड़ को उजागर करने के लिए निगरानी विभाग,आयकर विभाग का भी दरवाजा खटखटाया जाएगा।