समरानियां: मनरेगा कार्यस्थल पर नही छाया, पीने का पानी, मेडिकल किट
भीषण गर्मी मे असुविधाओं के बीच कार्य कर रहे हैं मनरेगा के श्रमिक ।
फ़िरोज़ खान
बारां 14 मई। समरानियां ग्राम पंचायत मे मनरेगा कार्यस्थल पर पंचायतो की ओर से महात्मा गांधी नरेगा के तहत कार्यस्थल पर छाया, पानी, मेडिकल किट के माकूल बंदोबस्त नही करने से श्रमिकों को तेज गर्मी के बीच काम करना मुश्किल हो रहा है । वर्तमान मे जिले में कार्य करने का समय सुबह 7 बजे से दोपहर ढ़ाई बजे तक है । शनिवार को नवज्योति टीम ने शाहबाद पंचायत समिति के समरानियां ग्राम पंचायत मुख्यालय पर रातई रोड तलाई पर चल रहे मिट्टी खुदाई कार्य स्थल पर जाकर अवलोकन किया ओर यहां कार्य करने वाले श्रमिकों से चर्चा करने के बाद जानकारी मिली कि यहां पर 2 अप्रैल से कार्य शुरू हुआ था ओर कुल 3 मस्टररोल मे 168 श्रमिको मे से 140 श्रमिक कार्य कर रहे है, लेकिन श्रमिकों को जो सुविधाएं कार्यस्थल पर मिलनी चाहिए, वह पंचायत की अनदेखी के चलते नही मिल पा रही है । यहां कार्य कर रहे श्रमिक महिलाये मुन्नी, बादामी, राजकुमारी, चेती, कमलेश, कलिया, कैलाशी, गीता, कलावती आदि ने बताया पंचायत में मनरेगा चलने से रोजगार तो है, लेकिन इस भीषण गर्मी के बीच काम करना मुश्किल हो रहा है । ऊपर से टास्क के आधार पर भुगतान होने से काम भी करना पड़ता है ।
बीमारियों का खतरा, जिम्मेदारों का नही है ध्यान ।
समरानियां मे पंचायत की अनदेखी के चलते कार्यस्थल पर छाया, पानी ओर मेडिकल किट की व्यवस्था नही होने से श्रमिकों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है । श्रमिक महिलाये सावन्दे, कारी, कमलेश, राजकुमारी ने बताया की सुबह 7 बजे से ही तेज गर्मी शुरू हो जाती है । ऊपर से टास्क पूरी देने का दबाब रहता है । ऐसे मे कार्यस्थल पर छाया, पीने का पानी ओर मेडिकल किट की व्यवस्था होनी ही चाहिए । भीषण गर्मी के बीच चक्कर आने व अन्य बीमारिओ का खतरा बना रहता है । ऐसे मे प्रशासन को कम समय करने के साथ छाया, पानी ओर मेडिकल किट की व्यवस्था कार्यस्थल पर करवानी चाहिए ।




Recent Comments