व्यापारियों के खिलाफ दर्ज प्रकरण से नाराज महासंघ ने दिया कलक्टर, एसपी को ज्ञापन
अतिक्रमण अभियान में लगाया भेदभाव का आरोप
फ़िरोज़ खान
Edited by azad nab
बारां 20 जुलाई। बुधवार दोपहर शहर के दीनदयाल चैराहे पर अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान हुए विवाद में नगर परिषद के अतिक्रमण अभियान प्रभारी सहायक अभियंता सुधाकर व्यास द्वारा कोतवाली बारां में दर्ज करवाए गए प्रकरण में बेगुनाह व्यापारियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट से नाराज बारां व्यापार महासंघ के नेतृत्व में व्यापारियों ने जिला कलक्टर एवं जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन देकर घटना की न्यायिक जांच करवाते हुए बेगुनाह व्यापारियों के खिलाफ कार्यवाही को वापस लिए जाने की मांग की गई। व्यापार महासंघ अध्यक्ष ललितमोहन खंडेलवाल के नेतृत्व में गए व्यापारिक प्रतिनिधि मण्डल में शामिल पूर्व नगर परिषद सभापति यशभानु कुमार जैन ने जिला कलक्टर तथा पुलिस अधीक्षक को नगर परिषद द्वारा अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान जिस तरह ज्यादती व भेदभाव किया जा रहा है, के बारे में जानकारी दी। व्यापारियों ने बताया कि कल हुए अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान अकेले एक दुकान को निशाना बनाकर वहां लगे टीन शेड को जेसीबी मशीन से तोडा गया तथा इस दौरान दुकान मालिक के शटर भी टूट गए। इस दौरान टूटे चद्दर बिजली के पोल पर गिरने से बडी घटना घटित होने के अंदेशे में व्यापारियों द्वारा नगर परिषद अधिकारियों तथा कर्मचारियों का विरोध किया गया। जहंा मारपीट जैसी कोई वारदात में व्यापारी लिप्त नही थे। व्यापार प्रतिनिधि मण्डल ने दोनों अधिकारियों को बताया कि राजकीय चिकित्सालय में घायल सहायक अभियंता सुधाकर व्यास के स्वास्थ्य की भी मेडिकल बोर्ड से जांच करवायी जावे तथा अतिक्रमण हटाने की शक्तियां नगर परिषद आयुक्त के पास निहित है तो सहायक अभियंता द्वारा किस प्रकार से धारा 203 का उपयोग कर शक्तियों को अपने हाथ में लेकर अतिक्रमण अभियान की अगुवाई की। दोनों अधिकारियों को जानकारी देकर व्यापारियों ने मांग करते हुए कहा कि पूरे घटनाक्रम की पुलिस व नगर परिषद के पास वीडियोग्राफी है। वीडियोग्राफी की बारीकी से जांच कर बेगुनाह व्यापारियों के खिलाफ दर्ज प्रकरण को निरस्त करने की मांग की गई। व्यापारी प्रतिनिधि मण्डल ने पुलिस पर दबाव बनाने की गरज से सफाईकर्मियों की हडताल के बारे में अधिकारियों को जानकारी देते हुए कहा कि अगर दबाव में आकर बेगुनाह व्यापारियों के खिलाफ कार्यवाही की गई तो बारां व्यापार महासंघ भी व्यापारियों को साथ लेकर बारां बंद की कार्यवाही में पीछे नही रहेगा।
यह थे व्यापार प्रतिनिधि मण्डल में शामिल- व्यापारी प्रतिनिधि मण्डल में महासंघ अध्यक्ष ललितमोहन खंडेलवाल, खाद्य किराना व्यापार संघ अध्यक्ष योगेश बाटा, महासंघ संरक्षण देवकीनंदन बंसल, आबिद भाई बोहरा, यशभानु कुमार जैन, महेन्द्र गोयल, जयनारायण हल्दिया, विमल बंसल, कमलेश जैन, विपिन गोयनका, ललित जैन, महेन्द्र कुमार, त्रिलोक पोरवाल, अशोक उदयवाल पीडित व्यापारी राजेन्द्र कुमार जैन सहित 21 व्यापारी साथ थे।