बलिया:35 लाख की 800 पेटी अवैध शराब पकड़ी गई:ट्रक सीज
मुर्गी का दाना बताकर लाखों की शराब को बलिया के रास्ते बिहार ले जारहे थे तस्कर
शीतल प्रसाद गुप्ता
बलिया 18 जून। बलिया की तेजतर्रार पुलिस अधीक्षक सुजाता सिंह के कड़े निर्देश पर सक्रिय जिले की पुलिस को शराब तस्करी मे अब काफी सफलता मिलने लगी है।आज रविवार की सुबह बसरिकापुर चट्टी के समीप दुबहड़ पुलिस एवं एसओजी की टीम ने बिहार जा रहा करीब 35 लाख रुपये के अवैध शराब को ट्रक सहित बरामद कर लिया।जिसे तस्कर मुर्गी का दाना बताकर बलिया पुलिस को चकमा देने की कोशिश की।
बताया जाता है कि दुबहड़ थाना क्षेत्र के बसरिकापुर चट्टी पर मुखबिर की सही सूचना के आधार पर पहले से  मौजूद दुबहड़ थानाध्यक्ष विनीत राय एवं एसओजी प्रभारी रामाश्रय राय अपनी टीम के साथ खड़े थे.इसी बीच हरियाणा से अवैध शराब लादकर ला रहा ट्रक, जिसका नंबर एचआर 46 बी58 8989 था,गुजरा.पुलिसकर्मियों ने जब उसे रोका तो ट्रक का चालक सत्य नारायण पुत्र देश राय निवासी बहादुरगढ़, जनपद झज्जर,हरियाणा ने पुलिस अधिकारियों को बताया कि ट्रक में मुर्गी दाना लदा है.इसपर पुलिस ने कागज दिखाने को कहा.कागज़ में भी ट्रांसपोर्ट शिव रोड लाइंस द्वारा हरियाणा से सिलीगुड़ी तक मुर्गी दाना ले जाने की बात लिखी थी.लेकिन शंका होने पर जब पुलिस अधिकारियों ने ट्रक की चेकिंग की तो कुछ बोरों में गेहूं के डंठल भरे थे.उन्हें हटाया गया तो ट्रक के अंदर लगभग 800 पेटी हरियाणा निर्मित शराब मिली. जिसकी कीमत लगभग 35 लाख रुपये बताई जा रही है।
इसकी सूचना मौजूद पुलिसकर्मियों ने उच्च अधिकारियों को देते हुए ट्रक को थाने पर ले आए और ट्रक चालक सत्य नारायण के खिलाफ मुकदमा धारा 60 एक्साइज एक्ट 272/273/ 419/ 420/ 467/ 468/ 471 पंजीकृत कर विवेचना शुरू कर दिए।
वहीं सूचना पर मौके पर पहुंचे सीओ सिटी केसी सिंह ने बरामद शराब का मुआयना करते हुए कहा कि हर हाल में अपराध रुकना चाहिए.उन्होंने बताया कि इस रास्ते से यह लोग शराब बिहार ले जाकर बेच देते हैं,लेकिन सही मुखबिरी होने के कारण पुलिसकर्मियों को यह सफलताहासिल हो सकी। शराब पकड़ने वाली टीम में दुबहड़ थानाध्यक्ष विनीत राय, एसओजी प्रभारी रामाश्रय राय के अलावा चंद्र शेखर यादव,संदीप गिरी,सौरभ कुमार सहित कई पुलिसकर्मी मौजूद रहे।